पटना, 09 मार्च 2026

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना जिला के जे०पी० गंगा पथ अंतर्गत पटना साहिब रेलवे स्टेशन से पटना घाट तक निर्माणाधीन संपर्क पथ का मालसलामी मारुफगंज में निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। पटना साहिब रेलवे स्टेशन से शुरु होकर जे०पी० गंगा पथ के पटना घाट तक संपर्क पथ का निर्माण हो रहा है। 52.54 करोड़ रूपये की लागत से 1.5 किलोमीटर लंबे संपर्क पथ का निर्माण हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संपर्क पथ इस क्षेत्र के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इसके बन जाने से लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी। लोगों को जाम से निजात मिलेगी। इससे आवागमन में समय की बचत होगी। इस संपर्क पथ का निर्माण ससमय पूर्ण करायें।

ज्ञातव्य है कि इस संपर्क पथ के निर्माण से अशोक राजपथ एवं मारुफगंज मंडी क्षेत्र में जाम की समस्या से निजात मिलेगी। इसके साथ ही पटना साहिब रेलवे स्टेशन पर आर०ओ०बी० के माध्यम से जे०पी० गंगा पथ को नए एन०एच०-30 से संपर्कता भी प्रदान करेगी। प्रस्तावित संपर्क पथ दलहट्टा, चरखीपर आदि क्षेत्रों को भी सुलभ संपर्कता प्रदान करेगी। इससे आसपास के क्षेत्रों में जाम की समस्या में कमी आयेगी तथा लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने कंगन घाट पहुंचकर भद्रघाट-दीदारगंज पथ के 4 लेन चौड़ीकरण/निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ससमय कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये। 7.80 किलोमीटर लंबे पथ के चौड़ीकरण/निर्माण कार्य के लिये 158.4037 करोड़ रूपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। सेक्शन 1 में भद्रघाट से मिरचाई घाट (कुल लंबाई 2.35 कि०मी०), सेक्शन-2 में मिरचाई घाट से पटना घाट (कुल लंबाई 1.65 कि०मी०), सेक्शन-3 में पटना घाट से शरीफागंज घाट (कुल लंबाई 1.55 कि०मी०) तथा सेक्शन-4 में शरीफागंज घाट से दीदारगंज तक (कुल लंबाई 2.25 कि०मी०) चौड़ीकरण/निर्माण कार्य किया जा रहा है।

ज्ञातव्य है कि भद्रघाट से दमराही घाट के बीच अवस्थित 2 लेन पथ से अशोक राजपथ पर वाहनों का दबाव घटा है एवं पटना सिटी के लोगों को जाम की समस्या से निजात दिलाने में सफलता मिली है। उक्त पथ को भद्रघाट से दीदारगंज तक 4 लेन पथ के निर्माण से अशोक राजपथ पर वाहनों का दबाव कम होगा तथा जाम की समस्या से लोगों को काफी राहत मिलेगी। इसके साथ ही छठ महापर्व एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों एवं सामाजिक अवसरों पर गंगा नदी तक जाने में लोगों को काफी सहूलियत होगी।

इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव चंद्रशेखर सिंह, बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम० सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.