पटना 18 अगस्त 2026

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, प्रादेशिक कार्यालय, पटना एवं पत्र सूचना कार्यालय, पटना के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आज केंद्रीय संचार ब्यूरो, पटना के सभागार में सीमा कुमारी, वरिष्ठ लेखा अधिकारी, केंद्रीय संचार ब्यूरो, प्रादेशिक कार्यालय, पटना की अध्यक्षता में ‘नशामुक्त भारत’ को लेकर सामूहिक रूप से शपथ लेते हुए नशामुक्त जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

परिचर्चा के दौरान केंद्रीय संचार ब्यूरो एवं पत्र सूचना कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ‘नशामुक्त भारत’ के विषय पर अपने-अपने विचार प्रस्तुत किए। चर्चा में सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए नशे के दुष्प्रभावों, इससे बचाव तथा समाज में नशामुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने के उपायों पर विचार साझा किए।

परिचर्चा के दौरान गीत एवं नाटक प्रभाग के कलाकारों ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए नशामुक्ति के विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत जीवन को प्रभावित करने के साथ-साथ परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। इसलिए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूकता, सामूहिक प्रयास और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना आवश्यक है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उन्हें शिक्षा, खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों तथा स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया।

शपथ ग्रहण अभियान के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नशे से स्वयं दूर रहने, नशामुक्त जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का सामूहिक संकल्प लिया। सभी ने नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

परिचर्चा का समापन क्षेत्रीय प्रचार सहायक नवल किशोर झा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। उन्होंने परिचर्चा में सक्रिय सहभागिता के लिए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गीत एवं नाटक प्रभाग के कलाकारों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर परिचर्चा की अध्यक्ष सीमा कुमारी ने सभी प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए विशेष रूप से शक्तिलोचन ठाकुर, दीपक कुमार, डॉ. अंजना झा, गुरुजीत कुमार सिन्हा एवं हर्ष सिन्हा द्वारा प्रस्तुत विचारों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए व्यक्तिगत संकल्प के साथ-साथ सामूहिक जागरूकता और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए व्यक्तिगत एवं सामूहिक स्तर पर निरंतर प्रयास करने का संकल्प दोहराया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.