पटना, 23 सितंबर 2026
जमुई में छात्राओं के साथ हुई शर्मनाक घटना को बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने गंभीरता से लिया है। प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के निर्देश पर गठित उच्चस्तरीय जांच कमेटी ने आज 23 सितंबर को जमुई पहुंचकर पूरे मामले की जमीनी हकीकत जानी और पीड़ित परिवार से मुलाकात की।

जांच के बाद कमेटी ने जमुई जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर और त्वरित कार्रवाई की मांग की।

POCSO एक्ट और स्पीडी ट्रायल की मांग
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से स्पष्ट रूप से मांग की कि इस मामले में POCSO एक्ट के प्रावधानों के तहत प्रभावी कार्रवाई की जाए, जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल हो और मामले का स्पीडी ट्रायल सुनिश्चित किया जाए ताकि पीड़िता को जल्द न्याय मिल सके।
कमेटी ने कहा कि पीड़िता और उसके परिवार को हर संभव सुरक्षा दी जाए, ताकि वे भयमुक्त होकर न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग कर सकें।
भविष्य में रोकथाम के लिए उठाए कदम
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से यह भी मांग की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संवेदनशील और सुनसान इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और आवश्यक स्थानों पर CCTV निगरानी सुनिश्चित की जाए।
जमुई दौरा करने वाली इस उच्चस्तरीय कमेटी में मिन्नत रहमानी, पंकज यादव, प्रो. (डॉ.) कुमारी अनिता, डॉ. गौरव सिंह, जितेंद्र नाथ पटेल, पूनम यादव, सूरज यादव, मेनका कुमारी और चंद्र भूषण राजपूत शामिल रहे।
![]()
