पटना, 02 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज ऊर्जा ऑडिटोरियम, पटना में कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले 25 वर्षों के कार्यों एवं इस अवधि में देश में हुए विकास और बदलाव पर आधारित संगीतमय नाट्य का मंचन किया गया।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व० लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में भारत में व्यापक बदलाव आया है। यह बदलाव देश की विकास यात्रा का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गरीबों एवं वंचितों के कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में लगभग 5 करोड़ पक्के मकान उपलब्ध कराने का कार्य किया गया है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की रसोई तक गैस कनेक्शन पहुंचाया गया है। बड़े पैमाने पर शौचालयों का निर्माण कराया गया तथा आयुष्मान कार्ड के माध्यम से गरीब परिवारों को निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। बिहार में करीब 10 करोड़ लोगों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि बिहार में भी विकास की गति तेज हुई है। पहले राज्य में लगभग 8 हजार किलोमीटर सड़कें थी, जबकि अब करीब 1.5 लाख किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया गया है। राज्य में एक्सप्रेस-वे सहित कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बाढ़ की स्थिति की चर्चा करते हुए कहा कि इस वर्ष सोन, गंडक और गंगा नदियों में उच्चतम बाढ़ स्तर रहा। बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने का कार्य लगातार जारी है। वायुसेना के हेलीकॉप्टर के माध्यम से बाढ़ पीड़ितों को सूखा खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराया जा रहा है। राज्य सरकार बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य करेगी। सबसे पहले कोसी नदी को नियंत्रित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा और इसके बाद गंगा, सोन एवं गंडक नदियों पर भी कार्य किया जाएगा। बिहार में सिंचाई के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। लगभग 44 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचित करने का कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि बिहार की ऐतिहासिक एवं गौरवशाली विरासत रही है। बिहार ने देश को स्वर्णिम काल दिया है और अब उस गौरव को पुनः स्थापित करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। 700 सरस्वती विद्या निकेतन बनाए गए हैं। लगभग 3.5 लाख बच्चों को रात में भी ऑनलाइन शिक्षकों के माध्यम से पढ़ने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि 15 जुलाई को एक साथ 211 डिग्री कॉलेज खोले गए। इन कॉलेजों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए रिक्तियां निकाली गईं और लगभग 2,500 असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई। उन्होंने कहा कि किसानों के सभी फीडरों के सोलराइजेशन किया जायेगा, इससे किसानों को सस्ती एवं नियमित बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी गांव-गांव जाकर लोगों तक पहुंचायें। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है। यह लोकतंत्र है, राजतंत्र नहीं है, यहां जनता तय करती है। नरेन्द्र मोदी जी ने काम किया है इसलिये जनता उन्हें बार-बार मौका देती है। लोकतंत्र में जनता मालिक है। जनता तय करती है, कुर्सी पर कौन बैठेगा। जो काम करेगा वही चुनाव जीतेगा। बिहार में सुशासन की सरकार है। लोगों को त्वरित न्याय और उनकी सुविधाओं के लिये सरकार लगातार काम कर रही है। कोई घटना होती है तो 24 घंटे के अंदर कार्रवाई होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम सेवा, समर्पण और देश के विकास की यात्रा को स्मरण करने का अवसर है। प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी के पिछले 25 वर्षों में किए गए कार्यों और देश में हुए बदलाव को इस कार्यक्रम के माध्यम से याद किया जा रहा है।

इस अवसर पर कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक संजय गुप्ता, पटना की महापौर सीता साहू, अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के० शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
![]()
