पटना/गोपालगंज 21 अक्टूबर 2026

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने 23 अक्टूबर को होने वाले बिहार विधान परिषद् के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव के मद्देनजर राज्य के सभी प्रबुद्ध शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सभी आठों प्रत्याशियों को अपना बहुमूल्य मत देकर विजयी बनाने की अपील की है।

बुधवार को चुनाव प्रचार के आखिरी दिन गोपालगंज में आयोजित प्रबुद्ध मतदाता संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार के प्रबुद्ध शिक्षक एवं स्नातक मतदाता सरकार द्वारा शिक्षा एवं शिक्षक हित में किए गए कार्यों, लिए गए सकारात्मक निर्णयों तथा भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी के नेतृत्व में बिहार सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुविधा और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

श्री तिवारी ने कहा कि सरकार शिक्षकों की समस्याओं और मांगों के प्रति संवेदनशील है। शिक्षकों की विभिन्न मांगों पर सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ निर्णय लिया जाएगा। देश के अन्य राज्यों में शिक्षकों को मिल रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का भी अध्ययन कराया जा रहा है, ताकि बिहार की परिस्थितियों के अनुरूप बेहतर निर्णय लिए जा सकें। हमारा प्रयास है कि शिक्षकों को सम्मानजनक कार्य-परिवेश मिले और वे पूरी निष्ठा एवं ऊर्जा के साथ विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में योगदान दे सकें।

वित्तरहित शिक्षकों के भुगतान की प्रक्रिया डीबीटी के माध्यम से शुरू

शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों की व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठा रही है। वित्तरहित शिक्षकों के बकाया भुगतान के संबंध में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और शिक्षा विभाग की ओर से लगभग 25 हजार शिक्षकों/शिक्षकेतर कर्मियों के लिए 195 करोड़ की राशि उपलब्ध करा दी गई है और भुगतान की प्रक्रिया डीबीटी के माध्यम से प्रारंभ कर दी गई है।

नवंबर के द्वितीय सप्ताह में खुलेगा स्थानांतरण पोर्टल

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि राज्य में बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली, 2026 अधिसूचित की गई है, जिसमें प्रथम चरण में 61,123 (सरप्लस टीचर), 9,244 (म्यूचुअल ट्रांसफर) एवं 11,423 (इंटर डिस्ट्रिक्ट) कुल—81,790 (इक्यासी हजार सात सौ नब्बे) आवेदन प्राप्त हुए हैं जिसमें 21,940 (इक्कीस हजार नौ सौ चालीस) शिक्षकों का स्थानांतरण किया जा चुका है। वर्तमान में लागू आदर्श आचार संहिता के कारण शिक्षकों की स्थानांतरण प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर रोक दी गयी थी किन्तु आदर्श आचार संहिता की समाप्ति के पश्चात शिक्षकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सामान्य स्थानांतरण पोर्टल को नवंबर के द्वितीय सप्ताह में खोला जाएगा। जिन शिक्षकों ने ऐच्छिक स्थानांतरण के लिए आवेदन किया है, उनके अनुरोध पर निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। सामान्य स्थानांतरण पोर्टल को दोबारा खोलने से इच्छुक शिक्षकों को अपनी आवश्यकता के अनुरूप स्थानांतरण का अवसर मिलेगा।

श्री तिवारी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि शिक्षकों की समस्याओं का व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित करना है। शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता में सुधार तभी संभव है, जब शिक्षक स्वयं संतुष्ट, सम्मानित और सुरक्षित महसूस करें। इसी सोच के साथ सरकार शिक्षकों के हित में लगातार काम कर रही है।

एनडीए के सभी आठों प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील

शिक्षा मंत्री ने बिहार विधान परिषद् के चुनाव में एनडीए की ओर से चुनाव लड़ रहे पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र (भाजपा) के प्रो. नवल किशोर यादव, तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र (भाजपा) के नरेंद्र प्रसाद सिंह, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र (जदयू) के आनंद पुष्कर, दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र (जदयू) के घनश्याम राय, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (जदयू) के नीरज कुमार, कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (भाजपा) के डॉ. एन. के. यादव, दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (भाजपा) के सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (जदयू) के अभिषेक झा (सभी आठों प्रत्याशियों) को विजयी बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि एनडीए के प्रत्याशियों की जीत से शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं की आकांक्षाओं को मजबूती मिलेगी और सरकार तथा जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय और बेहतर होगा।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह चुनाव शिक्षकों के लिए अपनी अपेक्षाओं तथा राज्य के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी पात्र शिक्षक मतदाताओं से अपील की कि वे 23 अक्टूबर को मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लें और एनडीए प्रत्याशियों को अपना समर्थन देकर विजयी बनाएं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बिहार के शिक्षक मतदाता सरकार द्वारा किए गए कार्यों और भविष्य में शिक्षकों के हित में लिए जाने वाले सकारात्मक निर्णयों को ध्यान में रखते हुए एनडीए के पक्ष में मतदान करेंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed