नई दिल्ली,19 नवंबर 2026
बिहार को देश के अग्रणी निर्यातक राज्यों में शामिल करने तथा राज्य के निर्यात पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को उद्योग विभाग, बिहार सरकार द्वारा शहर के निजी होटल में ‘Leveraging Free Trade Agreements (FTAs) – Outreach’ विषय पर राज्यस्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

“फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के प्रभावी उपयोग एवं अवसरों पर राज्यस्तरीय जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन वाणिज्य विभाग (DoC) द्वारा क्षेत्रीय विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT), कोलकाता तथा राज्य के उद्योग विभाग के सहयोग से किया गया। इस कार्यक्रम में भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) ने ज्ञान सहयोगी (Knowledge Partner) के रूप में अपनी सहभागिता निभाई।

कार्यशाला का उद्देश्य फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के प्रावधानों एवं लाभों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा राज्य के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) और निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाने के लिए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान करना था।
कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘Bihar FTA Action Plan 2026-27’, ‘Bihar FTA Handbook for Exporters’ तथा ‘100 FAQs for Exporters’ का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने बिहार के निर्यात पारितंत्र को सुदृढ़ बनाने, एमएसएमई की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने तथा मुक्त व्यापार समझौतों का लाभ राज्य के उद्यमियों तक पहुँचाने पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के उत्पादों में वैश्विक बाजार में अपनी मजबूत पहचान बनाने की अपार क्षमता है। राज्य सरकार का लक्ष्य बिहार के उद्यमियों, विशेषकर MSME इकाइयों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार के अवसरों से जोड़ना और उनके लिए निर्यात की राह आसान बनाना है। फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) इस दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। इनके प्रभावी उपयोग से बिहार के स्थानीय उत्पादों को नए अंतरराष्ट्रीय बाजार मिलेंगे, निर्यात में वृद्धि होगी और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। सरकार निर्यातकों को हरसंभव सहयोग एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल मंत्री सिंह ने राज्य में औद्योगिक विकास, उद्यमिता को प्रोत्साहन तथा स्थानीय उत्पादों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नए अवसर सृजित करने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बिहार की निर्यात क्षमता को मजबूत बनाने, स्थानीय उद्योगों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने तथा राज्य के उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय पहचान बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यशाला में उद्योग विभाग, बिहार सरकार के सचिव कुंदन कुमार तथा विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) के महानिदेशक लव अग्रवाल ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के प्रभावी उपयोग, अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच तथा बिहार के उद्यमों के लिए उपलब्ध निर्यात अवसरों पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम में बिहार राज्य विपणन प्राधिकरण (BSMA) और भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM), बोधगया के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर एवं उसका आदान-प्रदान भी किया गया। इस समझौते का आदान-प्रदान MSME निदेशक अमन समीर तथा IIM बोधगया की निदेशक डॉ. विनिता सिंह सहाय के बीच हुआ।
कार्यक्रम में दूसरा समझौता ज्ञापन बिहार सरकार और ड्रिप कैपिटल के बीच हुआ। ड्रिप कैपिटल के सीईओ पुष्कर मुखेवार एवं एमएसएमई के निदेशक अमन समीर ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर आदान प्रदान किया।
![]()
