पटना,20 नवंबर 2026
शुक्रवार को जनता दल (यू) प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्राप्त शिकायतों के विधिसम्मत निष्पादन हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर एवं विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी मौजूद रहे। कार्यक्रम के समन्वय हेतु पार्टी के प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी अरुण वर्मा भी उपस्थित रहे।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ‘‘नीतीश सेतु’’ का उद्घाटन करने वैशाली पहुंचेंगे। कल का दिन पूरे बिहारवासियों के लिए ऐतिहासिक होने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी जब भी बिहार आते हैं, तो विकास योजनाओं की अनेक सौगात लेकर आते हैं। कल भी ‘‘नीतीश सेतु’’ के उद्घाटन के साथ-साथ कई अन्य विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।


![]()
