पटना, 05 सितम्बर 2023
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने आज जी-20 नेताओं के शिखर सम्मेलन से पहले तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अंतर्राष्ट्रीय मीडिया सेंटर का दौरा किया। भारत मंडपम में 9-10 सितंबर 2023 को शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। भारत मंडपम के दौरे के समय ठाकुर को कार्यक्रम स्थल एमसीआर, स्टूडियो, पीसीआर, पीक्यूआर और सोशल मीडिया रूम का अवलोकन कराया गया।

आयोजन स्थल पर ठाकुर ने कहा कि भारत जी-20 राष्ट्राध्यक्षों के शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने के लिए उत्साहित है। उन्होंने बताया कि देशभर के 60 से अधिक शहरों में 200 से अधिक बैठकें हुई हैं, जिनके प्रति जबरदस्त उत्साह देखा गया है। उन्होंने कहा कि यह किसी कार्यक्रम के आयोजन की ऐतिहासिक पराकाष्ठा है और उन्हें उम्मीद है कि राष्ट्राध्यक्षों का यह शिखर सम्मेलन इतिहास की रचना करेगा।

इंटरनेशनल मीडिया सेंटर की व्यवस्था के बारे में मंत्री महोदय ने कहा कि यहां विश्वस्तरीय सुविधाएं मौजूद हैं और यह नए भारत की शक्ति को प्रदर्शित करता है। भारत की कलात्मक और सांस्कृतिक झलकियों से सेंटर की दीवारें सुशोभित हैं। उल्लेखनीय है कि मीडिया सेंटर भारत मंडपम के निकट है, जहां शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।उन्होंने आगे कहा कि मुख्य मीडिया सेंटर, प्रेस वार्ता स्थल का नाम हिमालय है और इसमें 300 से अधिक पत्रकार उपस्थित रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत अपनी डिजिटल भुगतान प्रणाली के लिए विश्व स्तर पर पहचाना जाता है और इस तकनीकी कौशल को यहां के मंडपों में प्रदर्शित किया जाएगा।

शिखर सम्मेलन के दौरान भारत की प्रस्तुतियों के बारे में मंत्री महोदय ने कहा, “शिखर सम्मेलन के दौरान भारत अपनी समृद्ध संस्कृति और धरोहर का प्रदर्शन करेगा तथा साथ ही नए भारत की श्रेष्ठ छवि भी पेश करेगा।”
उन्होंने कहा कि जी-20 में दुनिया भर से मीडियाकर्मी जमा होंगे। उन्होंने दुनिया भर के मीडिया समुदाय का गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम के प्रसारण की विस्तृत व्यवस्था बनाने के लिए दूरदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि दूरदर्शन हवाई अड्डे से भारत मंडपम तक विभिन्न स्थानों पर 78 यूएचडी और 4के कैमरे लगाकर अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। श्री ठाकुर ने कहा कि मीडिया को क्लिन फीड उपलब्ध कराई जाएगी।