पटना 18 जनवरी 2025
बिहार जनता दल (यू0) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शनिवार को बयान जारी कर पटना में राहुल गांधी के संविधान सुरक्षा सम्मेलन को राजनीतिक नौटंकी करार दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में अनाप-शनाप बोलना राहुल गांधी की पुरानी आदत रही है। अब जातीय गणना के विषय में आधारहीन और अनर्गल बयान देकर उन्होंने पुनः अपने अल्पबुद्धि का परिचय दिया है। यही कारण है कि देश की जनता उन्हें बहुत गंभीरता से नहीं लेती है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी को स्पष्ट करना चाहिए कि कांग्रेस शासित प्रदेशों में जातीय गणना को लेकर अब तक कोई भी पहल क्यों नहीं की गई? क्या वो देश और बिहार की जनता को सिर्फ दिग्भ्रमित करने के लिए जातीय जनगणना के झूठे हिमायती बन रहे हैं? साथ ही प्रदेश अध्यक्ष ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अपनी कुर्सी को बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने देश को आपातकाल की आग में झोंकने का महापाप किया था। उस दौर में आम नागरिकों के मौलिक अधिकारों और प्रेस की स्वतंत्रता को पूरी तरह से समाप्त कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि आपातकाल का काला धब्बा उनके दामन से कभी नहीं धुलेगा।
उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि भारत के संविधान पर दूर-दूर तक कोई खतरा नहीं है बल्कि असल खतरा कांग्रेस के राजनीतिक अस्तित्व पर मंडरा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार उस लोकनायक जयप्रकाश नारायण की धरती है जिन्होंने आपातकाल के दौरान सम्पूर्ण क्रांति का आह्वान कर कांग्रेस के नाकों चने चबवा दिए थे, इसलिए संविधान के नाम पर राहुल गांधी के राजनीतिक प्रपंच को यहां कभी सफलता नहीं मिलेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में कांग्रेस पार्टी का कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है, ज्ञान की भूमि पर राहुल गांधी का झूठ और दुष्प्रचार नहीं चलेगा।