पटना, 12 मार्च 2026

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में कटिहार जिले में विभिन्न योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने 7058.49 लाख रुपये की लागत से कृषि उत्पादन प्रांगण, कटिहार (फेज-2) के जीर्णोद्धार एवं निर्माण कार्य का शिलापट्ट अनावरण कर एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने नवनिर्मित भवन का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही यहां आयोजित कार्यक्रम स्थल से रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर कटिहार जिले के लिए 229 करोड़ रुपये की लागत से 257 योजनाओं का उ‌द्घाटन एवं 181 करोड़ रुपये की लागत से 186 योजनाओं का शिलान्यास / कार्यारंभकिया।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने कृषि उत्पादन बाजार समिति प्रांगण में लगाए गए विभिन्न विकासात्मक योजनाओं से संबंधित स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के अंतर्गत की गई घोषणाओं तथा जिला अंतर्गत किए जा रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों की जानकारी ली। साथ ही बाबा गोरखनाथ धाम का सौंदर्गीकरण, गोगाबील झील का सौंदर्गीकरण एवं पर्यटकीय सुविधाओं के लिए किए जा रहे कार्य, खेल स्टेडियम, कटिहार जिला अंतर्गत संतोषी चौक एवं साहेबपारा चौक के बीच सड़क के ऊपर पुल का निर्माण कार्य एवं कटिहार जलापूर्ति योजना आदि क्रियांवित योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को तेजी से पूर्ण करें। मुख्यमंत्री ने यहां लगाए गए कृषि यांत्रिकीकरण मेले का निरीक्षण किया और यहां प्रदर्शित किसानों के उत्पाद को देखा। इस दौरान सरकार द्वारा किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं से हो रहे लाभ के संबंध में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जानकारी ली।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने प्राणपुर प्रखंड के पुराने बरझल्ला पंचायत भवन का जीर्णोद्धार कर स्थापित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने जीविका द्वारा संचालित दीदी की सिलाई एवं प्रशिक्षण सह उत्पादन केंद्र का शुभारंभ किया। इस दौरान जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि हमलोगों को रोजगार हेतु जो 10 हजार रुपये मिले हैं उससे काफी फायदा हो रहा है। आपने हमारी तरक्की के लिए काफी कुछ किया है। हमलोग आभारी रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम यही चाहते हैं कि

आप लोग अच्छे से काम करिए और अपने जीवन में तरक्की कीजिए। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न बैंक लिंकेज द्वारा 17,712 स्वयं सहायता समूह को 471 करोड़ तथा 4,436 स्वयं सहायता समूहों को 55 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बुद्ध नगर में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं से संबंधित स्टॉलों का निरीक्षण किया। साथ ही आई०सी०टी० लैब में संचालित कोडिंग/ए०आई० से संबंधित प्रशिक्षण के संबंध में विद्यार्थियों से जानकारी ली। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण के दौरान किए गए अपने कार्यों एवं उपकरणों को दिखाया और बताया कि इससे काफी लाभ हो रहा है। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदी अधिकार केंद्र के संबंध में भी जानकारी ली।

स्टॉल निरीक्षण के दौरान वृद्धजन पेंशन योजना के लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। साथ ही 125 यूनिट बिजली बिल फ्री किए जाने को लेकर लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभुकों से कहा कि सरकार सभी का ख्याल रख रही है। सभी लोगों को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। आप सब योजनाओं का लाभ उठाएं और आगे बढ़ें।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं विधायक तारकिशोर प्रसाद, विधायक दुलालचंद गोस्वामी, विधायक संगीता देवी, विधायक निशा सिंह, विधायक कविता देवी, विधायक विजय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चंद्रशेखर सिंह, पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार, पूर्णिया प्रक्षेत्र के प्रभारी पुलिस उपमहानिरीक्षक कुमार आशीष, कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, कटिहार के पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.