पटना, 19 जुलाई 2026

बिहार जद(यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने रविवार को बयान जारी कर कहा कि राज्य के सभी 38 जिलों के प्रत्येक प्रखंड में माॅडल स्कूलों की शुरुआत शिक्षा के क्षेत्र में दूरदर्शी, ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी पहल है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘‘7 निश्चय-3’’ के चैथे संकल्प ‘‘उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य’’ के माध्यम से जो विजन प्रस्तुत किया है, उसे मुख्यमंत्री सम्राट चैधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार प्रभावी रूप से धरातल पर उतार रही है।

श्री कुशवाहा ने कहा कि इन माॅडल स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, समृद्ध पुस्तकालय, अत्याधुनिक विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएँ तथा खेलकूद की उन्नत सुविधाएँ विकसित की गई हैं। साथ ही अनुभवी एवं प्रशिक्षित शिक्षकों तथा विषय विशेषज्ञों के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे मेडिकल, इंजीनियरिंग, ओलंपियाड तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रारंभिक तैयारी के लिए छात्रों को मजबूत आधार मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इन माॅडल स्कूलों से राज्य के 4 लाख से अधिक छात्र-छात्राएँ प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे। यह पहल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाने के साथ-साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखेगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एनडीए सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, तकनीक-संपन्न और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हाल ही में राज्य के 211 डिग्री काॅलेजों में पठन-पाठन की शुरुआत की गई है और अब 551 माॅडल स्कूलों की स्थापना का निर्णय इसी दूरदर्शी सोच का विस्तार है।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के सतत प्रयासों एवं दूरदर्शी नीतियों के कारण बिहार के 97.61 प्रतिशत टोले सरकारी विद्यालयों से आच्छादित हो चुके हैं। राज्य की साक्षरता दर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और यह लगभग 80 प्रतिशत तक पहुंच गई है। वहीं, बड़े पैमाने पर शिक्षकों की नियुक्ति के कारण छात्र-शिक्षक अनुपात 65रू1 से घटकर 29रू1 हो गया है। यह बदलते बिहार और शिक्षा क्षेत्र में हुए व्यापक सुधारों का सशक्त प्रमाण है।

श्री कुशवाहा ने कहा कि छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना एनडीए सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। माननीय श्री नीतीश कुमार का ‘‘उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य’’ का संकल्प आने वाले वर्षों में बिहार को शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएगा तथा राज्य के विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.