पटना 22 जुलाई 2026
प्रदेश के सभी प्रारंभिक विद्यालयों में 25 जुलाई को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष संगोष्ठी की थीम ‘समावेशी शिक्षा : हमारा हर बच्चा महत्वपूर्ण’ तय की गई है। कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों और समुदाय के बीच समावेशी शिक्षा की अवधारणा को मजबूत बनाना और हर बच्चे के सर्वांगीण विकास के लिए साझी जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने निर्देश दिया है कि संगोष्ठी के जरिये अभिभावक और शिक्षक बच्चों के लिए ऐसा अनुकूल वातावरण तैयार करें, जहां हर बच्चा सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास के साथ सीख सके।
संगोष्ठी के दौरान विद्यालयों में वर्गवार बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति, स्वास्थ्य एवं पोषण, घर पर अध्ययन का वातावरण तथा सीखने में सहयोग जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा और उनके प्रति संवेदनशील व्यवहार पर भी संवाद किया जाएगा।
कार्यक्रम में अधिक से अधिक अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालयों को जरूरी सहयोग और मार्गदर्शन दें।
![]()
