पटना 22 जुलाई 2026

सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज स्थित मिरजवा वार्ड-10 के मध्य विद्यालय में बुधवार को मध्याह्न भोजन में विषाक्त कीड़ा मिलने तथा बच्चों के बीमार होने की घटना को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने 24 घंटे के भीतर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक को निलंबित करने के साथ रसोइया व साधनसेवी को चयनमुक्त करने का आदेश जिला शिक्षा पदाधिकारी, सुपौल को दिया है। उन्होंने मध्याह्न भोजन योजना के डीपीओ के विरुद्ध आरोप पत्र गठित कर विभाग को भेजने का भी निर्देश दिया है।

उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़ी लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की बैठक में भाग लेने दिल्ली गए शिक्षा मंत्री को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल दूरभाष पर बात कर पूरे मामले की जानकारी ली और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

माननीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।श्री तिवारी ने बीमार बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनकी स्थिति सामान्य होने पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को बच्चों के समुचित उपचार तथा पूरे मामले की गहन जांच का निर्देश दिया है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य के सभी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed