पटना 23 जुलाई 2026

बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर गोपालगंज सहित उत्तर बिहार की महत्वपूर्ण सड़क एवं पुल परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान श्री तिवारी ने डुमरिया घाट में दो लेन के नए पुल के निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दो दिनों के भीतर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने तथा एक माह के भीतर डुमरिया घाट पुल का निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया। इस परियोजना पर लगभग 110 करोड़ रुपए की लागत आएगी। नया पुल कंपोजिट स्टील गार्डर से बनेगा। महम्मदपुर सर्विस रोड का निर्माण भी जल्द शुरू होगा।

भेंट के दौरान श्री तिवारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर गंडक नदी पर लंबे समय से लंबित डुमरिया घाट पुल के निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2004-05 में शुरू हुई यह परियोजना आज तक पूरी नहीं हो सकी है। पूर्व-पश्चिम कॉरिडोर का पूरा यातायात अभी 60 साल पुराने संकरे पुल से हो रहा है। उन्होंने अधूरे पुल की स्थिति, बार-बार निविदा प्रक्रिया विफल होने तथा बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए केंद्रीय मंत्री से शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया।

श्री तिवारी ने गंडक पर सलेमपुर घाट महासेतु के निर्माण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इस महासेतु के बनने से गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, सारण सहित उत्तर बिहार के कई जिलों के बीच संपर्क बेहतर होगा, यात्रा दूरी कम होगी तथा रक्सौल-नेपाल मार्ग की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। साथ ही यह परियोजना क्षेत्रीय विकास, पर्यटन और धार्मिक स्थलों तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस प्रस्ताव पर भी केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.