पटना 27 जुलाई 2026

हाल ही में हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान सिवान में पुलिस फायरिंग में घायल छात्रों का हाल-चाल जानने के लिए बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम आज मेदांता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायल छात्रों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को उठा रहे छात्रों पर गोली चलाना लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज़ को दबाने के लिए बल प्रयोग किसी भी लोकतांत्रिक सरकार के लिए उचित नहीं ठहराया जा सकता।

राजेश राम ने घायलों और उनके परिजनों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी इस कठिन समय में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ हुई इस घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने राज्य सरकार से सभी घायल छात्रों के समुचित एवं नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था करने, उनके परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने तथा छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज सभी मुकदमों को वापस लेने की मांग की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में छात्रों की आवाज़ को सुनना सरकार का दायित्व है, न कि दमन और हिंसा के माध्यम से उसे दबाना। कांग्रेस पार्टी छात्रों के अधिकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और न्याय की लड़ाई को हर स्तर पर मजबूती से उठाती रहेगी।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के साथ पार्टी नेता प्रेमचंद सिंह, रंजीत कुमार बाल्मीकि मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.