मुंबई ,16 सितंबर 2026

भूत बंगला’ की बॉक्स ऑफिस सफलता के बाद निर्माता एकता कपूर अब अपनी सबसे महत्वाकांक्षी फिल्म ‘द वन’ लेकर आ रही हैं। फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और ट्रेलर में भारतीय लोककथाओं की एक ऐसी भव्य और रहस्यमयी दुनिया दिखाई गई है, जो पर्दे पर पहले कभी नहीं देखी गई।

‘द वन’ के साथ बालाजी मोशन पिक्चर्स ने अपने परिचित दायरे से आगे बढ़कर भारतीय लोककथाओं को बड़े पैमाने पर पेश करने की कोशिश की है। यह न तो आम हॉरर फिल्म है और न ही पारंपरिक पौराणिक कथा, बल्कि इसमें रोमांच, एक्शन, रहस्य, हास्य, रोमांस और अलौकिक शक्तियों का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।

फिल्म में पहली बार सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की जोड़ी नजर आएगी। ट्रेलर में दोनों एक ऐसी अज्ञात दुनिया में कदम रखते दिखते हैं, जहां सदियों पुरानी मान्यताएं और अलौकिक शक्तियां टकराती हैं। घने, प्रतिबंधित जंगलों से लेकर भव्य विजुअल्स तक, ट्रेलर हर फ्रेम में खतरे और आश्चर्य का एहसास कराता है।

फिल्म की कहानी टीवीएफ के अरुणाभ कुमार ने लिखी है और निर्देशन दीपक मिश्रा ने किया है। डीओपी और दृश्य निर्देशक मनु आनंद हैं। फिल्म का निर्माण शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी ने किया है। बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड की इकाई बालाजी मोशन पिक्चर्स द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म टीवीएफ और 11.11 प्रोडक्शन के सहयोग से बनी है।

बता दें कि फिल्म की दुनिया को पहले ही ‘द लीजेंड ऑफ द वन’ कॉमिक बुक के जरिए दर्शकों से जोड़ा जा चुका है।

‘द वन’ 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.