मुंबई, 24 सितंबर 2026
24 सितंबर 2026। हिंदी सिनेमा से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। ‘वेलकम’ और ‘आशिकी’ जैसी सुपरहिट फिल्मों में अपने अभिनय से पहचान बनाने वाले दिग्गज चरित्र अभिनेता मुश्ताक खान का आज 24 सितंबर को 56 साल की उम्र में निधन हो गया है।

वे पिछले करीब 15 दिनों से मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्होंने आज शाम अंतिम सांस ली।
5 साल से कैंसर से जूझ रहे थे
मुश्ताक खान पिछले पांच सालों से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। उनके बिजनेस पार्टनर शिवम ने आजतक से बातचीत में उनके निधन की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार करीब पांच साल पहले उन्हें पहली बार कैंसर का पता चला था। इलाज के बाद वे ठीक हो गए थे, लेकिन हाल ही में यह बीमारी दोबारा लौट आई और अंतिम स्टेज में पहुंच गई।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, उन्हें लंग/लिवर कैंसर था और आखिरी दिनों में हालत बिगड़ने पर उन्हें ICU में रखा गया था। उन्हें 25 सितंबर को मुंबई में सुपुर्द ए खाक किया जाएगा।

‘मेरी एक टांग नकली है’ डायलॉग से घर-घर में हुए मशहूर
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर कस्बे में जन्मे मुश्ताक खान ने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की थी। साल 1980 में फिल्म ‘थोड़ी सी बेवफाई’ और ‘अल्बर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है’ से उन्होंने हिंदी सिनेमा में कदम रखा था।
अपने चार दशक से अधिक लंबे करियर में उन्होंने 250 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। उन्हें सबसे ज्यादा पहचान 2007 में आई फिल्म ‘वेलकम’ में बल्लू के किरदार से मिली। उनका डायलॉग “मेरी एक टांग नकली है, मैं हॉकी का बहुत बड़ा खिलाड़ी था…” आज भी मीम्स और सोशल मीडिया पर खूब याद किया जाता है।
इसके अलावा उन्होंने ‘आशिकी’, ‘हम हैं राही प्यार के’, ‘हेरा फेरी’, ‘जोड़ी नंबर 1’, ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘गदर’, ‘गदर 2’, ‘स्त्री 2’ जैसी फिल्मों में यादगार सहायक भूमिकाएं निभाईं।
फिल्मों के साथ-साथ उन्होंने छोटे पर्दे पर ‘अदालत’, ‘चाचा चौधरी’, ‘नुक्कड़’, ‘कुछ रंग प्यार के ऐसे भी’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में भी काम किया था।
उनके निधन की पुष्टि FWICE प्रेसिडेंट बीएन तिवारी और कॉमेडियन सुनील पाल ने भी की है। फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है।
![]()
