पटना, 28 सितम्बर 2026
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव बी० कार्तिकेय धनजी ने जलापूर्ति योजना के संचालन, रखरखाव, मरम्मती कार्य, निरीक्षण कार्य तथा विभाग में संचालित विभिन्न योजनाओं, उनकी प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। बैठक में बताया गया कि लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की योजनाओं को पटना, पूर्वी चंपारण, पूर्णिया एवं मुंगेर चार जोन में विभाजित कर बेहतर ढंग से कार्य किया जा रहा है।

बैठक में बताया गया कि सतत् पेय जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा जलमीनार सफाई अभियान, निरीक्षण एवं मरम्मती अभियान, जल गुणवत्ता जांच अभियान, शिकायत निवारण अभियान तथा प्रखंड स्तरीय भंडार सुदृढ़ीकरण अभियान चलाए जा रहे हैं। इस दौरान केंद्रीयकृत शिकायत निवारण कोषांग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि 15 अगस्त 2025 से 28 सितंबर 2026 तक कुल 3,00,622 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2,96,179 शिकायतों का निवारण किया जा चुका है। इस प्रकार शिकायतों के निवारण की दर 98.5 प्रतिशत रही।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर नल का जल योजना से 100 प्रतिशत जलापूर्ति सुनिश्चित की जाय। इस योजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि सभी परिवारों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराते रहें। पेजयल आपूर्ति योजना पूरी तरह फंक्शनल रहे। जलापूर्ति का जो समय निर्धारित किया गया है, उतने समय तक सभी को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो। शिकायत मिलने पर उसका ससमय समाधान करें। जल की गुणवत्ता बनी रहे, इसकी भी लगातार जांच करातेरहें। पेयजल आपूर्ति योजना के तहत रखरखाव एवं अनुरक्षण कार्य बेहतर ढंग से हो, यह सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव बी० कार्तिकेय धनजी, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के विशेष सचिव संजीव कुमार उपस्थित थे।
![]()
