पटना, 01 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में सूखा राशन पैकेजिंग सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पैकेजिंग सेंटर पर पैकेजिंग किये जा रहे सामग्रियों एवं उसकी गुणवत्ता की जानकारी ली।

वहां मौजूद अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि खाद्य पदार्थों के साथ ही जरूरत के सभी सामान हम लोग पैकेट के अंदर रखवा रहे हैं ताकि बाढ़ से प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। पैकेट में राशन के सामान चूड़ा, चना, सत्तू, चीनी, मसाला, ओ०आर०एस०, माचिस, मोमबत्ती सहित जरूरत की अन्य सामग्रियों को रखा गया है। एयरफोर्स के दो हेलीकॉप्टर के माध्यम से राहत सामग्री को बाढ़ से प्रभावित लोगों के बीच वितरित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत सामग्रियों के वितरण में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। बाढ़ पीड़ितों को समय पर खाद्य पदार्थों के साथ ही सभी जरूरत के सामान मुहैया कराए जाएं।

इस दौरान मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, आपदा विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।


![]()
