पटना, 15 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ कक्ष के सामने बने मंच से किसान जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर वासंतिक (रबी) महाअभियान-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने 38 किसान जागरूकता वाहनों एवं 2 ज्ञान वाहनों सहित कुल 40 वाहनों को रवाना किया। इन वाहनों के माध्यम से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में किसानों तक कृषि विभाग की योजनाओं, आधुनिक तकनीकों तथा उन्नत खेती से संबंधित जानकारियाँ पहुँचाई जाएँगी।

इस महाअभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को रबी फसलों की वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करना, कृषि योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुँचाना तथा आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। महाअभियान के दौरान किसानों को गेहूँ, मक्का, दलहन एवं तिलहन फसलों की उन्नत खेती, गुणवत्तापूर्ण कृषि उपादानों के उपयोग और बेहतर कृषि प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी।

महाअभियान के तहत प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डी०बी०टी०) के माध्यम से पात्र किसानों को अनुदान उपलब्ध कराने तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत फसल प्रत्यक्षण कार्यक्रम संचालित करने को लेकर अवगत कराया जायेगा। साथ ही, प्रखंड स्तर पर अनुदानित दरों पर कृषि उपादानों का वितरण सुनिश्चित करने तथा किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। गेहूँ की खेती में उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के लिए जीरो टिलेज और सीड ड्रिल मशीनों के माध्यम से उन्नत बुआई तकनीकों को प्रोत्साहित किया जाएगा। किसानों को इन तकनीकों के लाभों से अवगत कराते हुए खेती की लागत कम करने, संसाधनों का बेहतर उपयोग करने तथा कृषि कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

महाअभियान के दौरान किसानों के बीच जागरूकता एवं तकनीकी जानकारी का प्रसार करने के लिए किसान मेला, किसान पाठशाला, प्रशिक्षण कार्यक्रम, कृषि परिभ्रमण, प्रक्षेत्र दिवस एवं किसान गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही, कृषि जन कल्याण चौपाल-सह-खेत बचाओ अभियान-2026 के माध्यम से किसानों की समस्याओं पर चर्चा करने तथा उन्हें कृषि संबंधी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर बल दिया जाएगा। महाअभियान के अंतर्गत संतुलित उर्वरक प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, मिट्टी की जाँच, प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा कृषि कार्यों में ड्रोन तकनीक के उपयोग को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता के अनुरूप उर्वरकों के इस्तेमाल, पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों को अपनाने तथा वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से फसलों की उत्पादकता बढ़ाने के लिए जागरूक किया जाएगा।

वासंतिक (रबी) महाअभियान-2026 के माध्यम से राज्य में कृषि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रसार तथा किसानों को समय पर आवश्यक जानकारी एवं सुविधाएँ उपलब्ध कराने को लेकर अवगत कराया जाएगा। इससे कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने, खेती को अधिक लाभकारी बनाने और किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने की दिशा में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, कृषि विभाग के निदेशक मुकेश कुमार लाल सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed