पटना, 16 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में सिखों के दसवें गुरु, श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रकाश पर्व के सफल, सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन के लिए आवश्यक निर्देश दिया।

बैठक में पटना के जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने जानकारी दी कि 13-16 जनवरी 2027 को 360वां प्रकाश पर्व का आयोजन किया जायेगा। इसके लिये जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिये सारी तैयारियां सुनिश्चित करेगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रकाश पर्व की तैयारियों एवं आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की नियमित और प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रकाश पर्व में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर समन्वय के साथ पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का प्रकाश पर्व बिहार की गौरवशाली आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है। इस आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा आयोजन को सुव्यवस्थित और गरिमामय बनाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियों की निरंतर समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को समय पर पूरा किया जाए, ताकि प्रकाश पर्व का आयोजन श्रद्धा, सम्मान और उत्कृष्ट प्रबंधन के साथ संपन्न हो सके।

बैठक में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ० दिलीप कुमार जायसवाल, उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग सह वित्त विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अनिमेष परासर, सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के सचिव नवीन कुमार, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेन्द्र राणा, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के० शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.