पटना 26 अक्टूबर 2026

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू), क्षेत्रीय केंद्र पटना में 26 अक्टूबर 2026 को ‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा’ (Probity for Prosperity) विषय के अंतर्गत सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक संचालित किए जा रहे निवारक सतर्कता संबंधी तीन माह के विशेष अभियान का हिस्सा था।

इस अवसर पर इग्नू क्षेत्रीय केंद्र पटना के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ऑनलाइन माध्यम से इग्नू के माननीय कुलपति के साथ सतर्कता शपथ ग्रहण की। इसके पश्चात क्षेत्रीय केंद्र में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षार्थियों को भी सतर्कता शपथ दिलाई गई। अंग्रेजी में शपथ वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. ई. कृष्णा राव ने दिलाई, जबकि हिंदी में शपथ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. आसिफ इकबाल ने दिलाई।

शिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. ई. कृष्णा राव ने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक आचरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षार्थियों से सत्यनिष्ठा को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने, भ्रष्ट आचरण से दूर रहने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि न्यायपूर्ण, पारदर्शी एवं समृद्ध समाज के निर्माण के लिए सत्यनिष्ठा और जवाबदेही अत्यंत आवश्यक हैं।

क्षेत्रीय निदेशक डॉ. आसिफ इकबाल ने शिक्षार्थियों को अपने दैनिक जीवन एवं व्यवहार में ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार-मुक्त एवं नैतिक वातावरण के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी और व्यक्तिगत प्रतिबद्धता आवश्यक है।

कार्यक्रम में उप कुलसचिव श्री ओझा जय प्रकाश सहित क्षेत्रीय केंद्र के अधिकारी, कर्मचारी एवं शिक्षार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. नीलू शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने कार्यक्रम में सहभागी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को सुदृढ़ करने के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता की आवश्यकता पर बल दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed