पटना 29 अक्टूबर 2026

24 नवंबर, 2005 को बिहार की सत्ता की बागडोर संभालने वाले नीतीश कुमार के ऐतिहासिक कार्यकाल के उपलक्ष्य में जनता दल (यू) आगामी 24 नवंबर को ‘सुशासन दिवस’ के रूप में मनाएगा। इस अवसर पर राज्यस्तरीय ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नीतीश कुमार के दो दशकों के शासनकाल में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सुधारों को जन-जन तक पहुँचाना तथा विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लोगों के अनुभवों को साझा करना है।

इस कार्यक्रम के निमित्त गुरुवार को जनता दल (यू) प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा एवं सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, मंत्री लेसी सिंह, मंत्री श्वेता गुप्ता, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह ‘गांधी’, मुख्यालय प्रभारी शंभू कुशवाहा, अंजुम आरा एवं अरुण वर्मा, पार्टी महासचिव अनिल कुमार,

श्री वासुदेव कुशवाहा तथा पार्टी मीडिया सेल के संस्थापक अध्यक्ष डाॅ0 अमरदीप सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पार्टी के विधानमंडल सदस्यों, जिलाध्यक्षों और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन की जिम्मेदारी मंत्री लेसी सिंह को संयोजक के रूप में सौंपी गई है।

बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि ‘सुशासन दिवस’ के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले दो दशकों के दौरान हुए ऐतिहासिक कार्यों और उनके दूरगामी प्रभावों को प्रमुखता से सामने लाया जाना चाहिए। उन्होंने साइकिल योजना, जीविका योजना और उद्यमी योजना सहित अन्य ऐतिहासिक योजनाओं का उल्लेख करते हुए निर्देश दिया कि इनके लाभार्थियों की जानकारी जुटाई जाए। साथ ही, लाभार्थियों के साक्षात्कार लेकर वीडियो तैयार किए जाएँ, ताकि इन योजनाओं की उपलब्धियों और लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुँचाया जा सके।

श्री झा ने कहा कि नीतीश कुमार ने राजनीतिक नेतृत्व के साथ-साथ सामाजिक सुधारक की भूमिका भी निभाई है। मानव श्रृंखला जैसे अभियानों के माध्यम से सामाजिक मुद्दों पर जनजागरूकता बढ़ाने का काम किया गया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता नीतीश कुमार की ऐतिहासिक उपलब्धियों और आम लोगों के जीवन पर पड़े उनके प्रभाव को प्रभावी ढंग से जनता के सामने रखें। नीतीश कुमार के ऐतिहासिक कार्यों को अगले सौ वर्षों में भी भुलाया नहीं जा सकेगा। उन्होंने अपने कार्यों और जनसेवा के माध्यम से बिहार की जनता के दिलों में अमिट छाप छोड़ी है। 

प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि 24 नवंबर, 2005 को नीतीश कुमार ने ऐसे समय में बिहार की बागडोर संभाली थी, जब राज्य में कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं की स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण थी। उनके नेतृत्व में बिहार में शासन, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुए। विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाने का काम किया गया। इन्हीं कार्यों और उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने के उद्देश्य से आगामी 24 नवंबर को ‘सुशासन दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने जिलाध्यक्षों को प्रत्येक जिले में तैयारी समिति गठित करने, विभिन्न प्रकोष्ठों के साथ समन्वय स्थापित करने और कार्यक्रम से जुड़ी जिम्मेदारियाँ स्पष्ट रूप से तय करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसानों, छात्रों, महिलाओं, सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोगों, आरक्षण का लाभ प्राप्त करने वाले वर्गों तथा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को भी इन कार्यक्रमों से जोड़ा जाए। 

उन्होंने यह भी कहा कि पिछले दो दशकों के दौरान नीतीश कुमार के शासनकाल में लागू योजनाओं से लाभान्वित लोगों की पहचान की जाए और उनसे संपर्क स्थापित कर उन्हें कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाए। साथ ही, इन योजनाओं से उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के अनुभव साझा किए जाएँ, ताकि योजनाओं के प्रभाव को जन-जन तक पहुँचाया जा सके।

‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ कार्यक्रम की संयोजक एवं मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के दो दशकों के कार्यों को समर्पित यह कार्यक्रम पार्टी के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण और बिहार के विकास के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए हैं। इन उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं 

को जन-जन तक पहुँचाना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा से किया जाएगा और आयोजन की तैयारियों में सभी संबंधित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चला जाएगा।

विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य नीतीश कुमार के दो दशकों के कार्यों और उनकी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने का संकल्प लेना है। उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यों की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाना जरूरी है। साथ ही, युवा पीढ़ी को बिहार की पूर्ववर्ती स्थिति और पिछले वर्षों में हुए बदलावों से अवगत कराना है।

बैठक में विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह ‘गांधी जी’ ने कहा कि नीतीश कुमार ने न्याय यात्रा के माध्यम से जनता से जुड़ने का प्रयास किया और कानून का राज स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ कार्यक्रम नीतीश कुमार के कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता के बीच पहुँचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने संयुक्त राज्य अमेरिका के न्यूयाॅर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा को पार्टी की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed