पटना,21 नवंबर 2026

स्वस्थ शरीर और प्रसन्न मन के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार अनिवार्य है। भोजन का प्रभाव केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह व्यक्ति की मानसिक सक्रियता, एकाग्रता, कार्यक्षमता और भावनात्मक संतुलन को भी प्रभावित करता है। इसी दृष्टिकोण को केंद्र में रखकर बिहार विद्यापीठ के अंतर्गत देशरत्न राजेंद्र प्रसाद शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, पटना में आज ‘मन और शरीर का पोषण : मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य में आहार की भूमिका’ विषय पर एक संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया।

सत्र की मुख्य वक्ता पटना विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग की वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक डॉ. रजनी पांडेय ने अपने विचार रखते हुए कहा कि संतुलित आहार स्वस्थ जीवनशैली की बुनियाद है। शरीर को आवश्यक ऊर्जा एवं पोषक तत्त्व प्रदान करने के साथ-साथ उचित खानपान मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, एकाग्रता बढ़ाने तथा भावनात्मक स्थिरता बनाए रखने में भी सहायक होता है। उन्होंने आहार में विभिन्न पोषक तत्त्वों के समुचित समावेश और उनके संतुलित उपयोग की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। संवाद के दौरान प्रशिक्षुओं ने अपनी जिज्ञासाएँ व्यक्त कीं और अनेक प्रश्नों के माध्यम से विषय पर सार्थक चर्चा की।

इस अवसर पर बिहार विद्यापीठ की निदेशक (शिक्षा, संस्कृति एवं संग्रहालय) डॉ. मृदुला प्रकाश ने कहा कि भावी शिक्षकों का दायित्व केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली और पौष्टिक खानपान की समझ विकसित करना भी है। उन्होंने भारतीय भोजन की सहज अवधारणा ‘तिरंगा भोजन’ का उल्लेख करते हुए भात, दाल और हरी सब्जियों को संतुलित आहार का सरल एवं सुलभ उदाहरण बताया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि चावल और दाल में पाए जाने वाले प्रोटीन के अमीनो अम्ल एक-दूसरे के पूरक होते हैं। इनके सम्मिलित सेवन से शरीर को बेहतर गुणवत्ता का प्रोटीन प्राप्त होता है, जबकि सब्जियाँ विटामिन, खनिज और रेशे की आवश्यकता पूरी करती हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सामान्य खाद्य पदार्थों से भी पौष्टिक एवं संतुलित भोजन तैयार किया जा सकता है। प्रशिक्षुओं से अपेक्षा की कि वे विद्यालयों में बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी इस दिशा में जागरूक करेंगे।

कार्यक्रम का प्रारंभ सहायक प्राध्यापिका मिताली मित्रा के स्वागत संबोधन से हुआ। मंच संचालन डी.एल.एड. प्रशिक्षु गायत्री कुमारी ने किया। सत्र का संयोजन सहायक प्राध्यापिका मिताली मित्रा एवं रजनी रंजन ने किया। अंत में रजनी रंजन ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पूनम वर्मा ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संवादात्मक आयोजन प्रशिक्षुओं के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें स्वास्थ्य, पोषण और जीवनशैली के प्रति जागरूकता एवं वैज्ञानिक समझ विकसित करने में उपयोगी सिद्ध होते हैं।

कार्यक्रम में बिहार विद्यापीठ के संयुक्त सचिव अवधेश के नारायण सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं प्रशिक्षुओं ने सक्रिय सहभागिता की।

सत्र का मूल संदेश था कि स्वस्थ समाज के निर्माण का मार्ग स्वस्थ बचपन से होकर गुजरता है। इसलिए भावी शिक्षकों को बच्चों में संतुलित आहार, पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करने के लिए प्रेरित एवं सक्षम बनाना समय की आवश्यकता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.