राहुल गांधी ने फोन पर की पीड़ितों से बात, पूछा हाल*

पटना 28 जुलाई 2026

बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू एवं एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने आज बेऊर केंद्रीय कारा पहुंचकर पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ अध्यक्ष शांतनु शेखर समेत छात्र आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए अन्य छात्र नेताओं से मुलाकात की। इन छात्रों को हाल ही में पटना में हुए छात्र आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किया गया था।

जेल में बंद छात्रों से मुलाकात के बाद बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने कहा कि बिहार अराजक दौर में पहुंच गया है। यहां की सरकार अपराधियों पर मेहरबान है, जबकि छात्र-नौजवानों पर हमलावर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों के लिए आवाज़ उठाने वाले छात्रों को जेलों में ठूंस दिया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि छात्र अपराधी नहीं, बल्कि देश के निर्माता और भविष्य हैं। सरकार का छात्रों के प्रति व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अलोकतांत्रिक है। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज़ को दमन और गिरफ्तारी से दबाया नहीं जा सकता।
बेऊर जेल से निकलने के बाद विनोद जाखड़ जयप्रभा मेदांता अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने सीवान गोलीकांड में घायल छात्रों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से घायल छात्रों की फोन पर बातचीत भी कराई। इसके बाद श्री जाखड़ सीवान जाकर गोलीकांड में घायल छात्रों के परिजनों से मिले और उन्हें भरोसा दिलाया कि न्याय की इस लड़ाई में कांग्रेस पार्टी हर कदम पर उनके साथ खड़ी रहेगी तथा दोषियों को सजा दिलाने तक संघर्ष जारी रखेगी।

इस अवसर पर कांग्रेस नेता प्रेमचंद सिंह, सुशील यादव, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष सूरज यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष भाग्य भारती, चुन्नू सिंह, संस्कार भारती सहित कई कांग्रेस एवं एनएसयूआई के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.