पटना, 20 अगस्त 2026

देशरत्न राजेंद्र प्रसाद शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, सदाकत आश्रम, पटना में आज बी.एड. प्रथम वर्ष (सत्र 2025–27) के प्रशिक्षुओं द्वारा बी.एड. द्वितीय वर्ष (सत्र 2024–26) के प्रशिक्षुओं के सम्मान में भावपूर्ण फेयरवेल समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य प्रशिक्षण की अवधि पूर्ण कर रहे प्रशिक्षुओं को आत्मीय विदाई देने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देना था।

समारोह का उद्घाटन बिहार विद्यापीठ के अध्यक्ष विजय प्रकाश भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवा निवृत्त वरिष्ठ अधिकारी ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने फेयरवेल की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए कहा कि फेयरवेल केवल विदाई का औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि साथ बिताए समय, साझा अनुभवों और आत्मीय संबंधों को सम्मानपूर्वक स्मरण करने का अवसर है। यह एक पड़ाव है, जहाँ विद्यार्थी अपने प्रशिक्षण संस्थान से प्राप्त ज्ञान, संस्कार और अनुभवों को लेकर जीवन के अगले चरण की ओर बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक-प्रशिक्षुओं के लिए ऐसे आयोजन विशेष महत्व रखते हैं, क्योंकि शिक्षक केवल विषय का ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला व्यक्तित्व होता है।

विजय प्रकाश ने आयोजन के संदर्भ में इवेंट मैनेजमेंट के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए केवल उत्साह पर्याप्त नहीं है; उसके लिए योजना, समय-प्रबंधन, संसाधनों का समुचित उपयोग, टीम-वर्क, नेतृत्व, अनुशासन तथा कार्यों का प्रभावी समन्वय आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से कहा कि ऐसे आयोजन उन्हें व्यवहारिक जीवन में नेतृत्व और प्रबंधन के कौशल विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर बिहार विद्यापीठ की निदेशिका डॉ. मृदुला प्रकाश, सचिव डॉ. राणा अवधेश, भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवा निवृत्त अधिकारी,अपर सचिव श्यामानंद चौधरी, संयुक्त सचिव अवधेश नारायण एवं महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. पूनम वर्मा ने प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएँ एवं आशीर्वचन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने प्रशिक्षुओं को अपने व्यावसायिक जीवन में शिक्षक की गरिमा, नैतिकता, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व को सदैव सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।

समारोह को मनोरंजक और जीवंत बनाने के लिए प्रशिक्षुओं के बीच विभिन्न प्रकार के खेल एवं मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। कार्यक्रम का मंच संचालन सृष्टि एवं मिथुन घोष ने प्रभावी ढंग से किया।

समारोह में आयोजित ‘मिस्टर फेयरवेल’ प्रतियोगिता का खिताब कार्तिक कुमार राज तथा ‘मिस फेयरवेल’ का खिताब पुष्पांजलि ने प्राप्त किया। ट्विंकल एवं कृष्ण रनर-अप रहे। विजेताओं एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

समारोह के अंत में वरिष्ठ प्रशिक्षुओं ने महाविद्यालय के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए प्रशिक्षण काल के अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम आत्मीयता, उल्लास और भावनात्मक स्मृतियों के साथ संपन्न हुआ।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.