पटना 20 अगस्त 2026
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), गया जी द्वारा +2 उच्च माध्यमिक विद्यालय, रसलपुर, मानपुर, गया जी में ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय जनजागरूकता कार्यक्रम के पूर्व-प्रचार गतिविधि के तहत चित्रकला प्रतियोगिता एवं लूडो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।

चित्रकला प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने ‘नशा मुक्त भारत’ विषय पर आकर्षक एवं संदेशपरक चित्र बनाए। अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की अपील की। बच्चों में इस गतिविधि को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार प्रवीण उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए नशे के दुष्परिणामों से स्वयं को दूर रखने तथा अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी भानु कुमार झा एवं सहायक क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी अरविंद कुमार ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और समाज पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की गई।
इस अवसर पर विभाग के शंभू पंडित, हर्ष सिन्हा एवं दीपक कुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी विद्यार्थियों को नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया और नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं एवं विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में रुपेश कुमार सिन्हा के साथ विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं की भी सक्रिय सहभागिता रही। उन्होंने प्रतियोगिताओं के आयोजन में सहयोग करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लूडो प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को मनोरंजन के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

‘नशा मुक्त भारत’ अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले मुख्य जागरूकता कार्यक्रम का उद्घाटन 21 अगस्त 2026 को प्रातः 9 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सह उद्घाटनकर्ता डॉ. प्रेम कुमार, माननीय अध्यक्ष, बिहार विधानसभा एवं विधायक, गया जी, बिहार होंगे।
मुख्य कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति से संबंधित विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों तथा नशामुक्त समाज के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।
![]()
