पटना, 21 अगस्त 2026

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू), क्षेत्रीय केन्द्र पटना द्वारा शिक्षार्थियों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए आयोजित किए जाने वाले मासिक शिकायत निवारण अभियान का आयोजन आज 21 अगस्त 2026 को क्षेत्रीय केन्द्र परिसर में किया गया। यह अभियान प्रत्येक माह के तीसरे शुक्रवार को आमने-सामने (Face-to-Face) मोड में आयोजित किया जाता है।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. नीलू शर्मा, सहायक क्षेत्रीय निदेशक, द्वारा शिक्षार्थियों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुई। उन्होंने कहा कि आमने-सामने शिकायत निवारण अभियान का उद्देश्य शिक्षार्थियों को उनकी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए एक ही स्थान पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सीधे संवाद का अवसर प्रदान करना है।

इस अवसर पर डॉ. ई. कृष्ण राव, वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक, ने अपने संबोधन में कहा कि पटना क्षेत्र में इस प्रकार का आमने-सामने शिकायत निवारण अभियान अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रहा है। शिक्षार्थियों को अपनी समस्याएं सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने और उसी समय समाधान प्राप्त करने का अवसर मिलता है, जिससे उनमें संस्थान के प्रति विश्वास और संतुष्टि बढ़ती है।
डॉ. आसिफ इकबाल, क्षेत्रीय निदेशक, ने कहा कि बिहार के शिक्षार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगी एवं राज्य स्तरीय परीक्षाओं की तैयारियों को देखते हुए समयबद्ध तरीके से उनकी शैक्षणिक एवं प्रशासनिक समस्याओं का समाधान अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे समय में शिकायत निवारण अभियान शिक्षार्थियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

आज आयोजित अभियान में 250 से अधिक शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। शिक्षार्थियों की सुविधा के लिए क्षेत्रीय केन्द्र के सभी प्रमुख अनुभागों—शैक्षणिक, असाइनमेंट, प्रायोगिक, प्रवेश एवं अन्य प्रशासनिक अनुभागों—के प्रतिनिधि एक ही छत के नीचे उपस्थित रहे। इससे शिक्षार्थियों को अलग-अलग अनुभागों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करने की सुविधा मिली।

क्षेत्रीय केन्द्र पटना द्वारा आयोजित यह पहल शिक्षार्थी-केंद्रित प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। क्षेत्रीय केन्द्र का उद्देश्य है कि शिक्षार्थियों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और मानवीय दृष्टिकोण से समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा उन्हें बेहतर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

क्षेत्रीय केन्द्र पटना द्वारा यह मासिक शिकायत निवारण अभियान आगे भी प्रत्येक माह के तीसरे शुक्रवार को आयोजित किया जाता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक शिक्षार्थी इसका लाभ उठा सकें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.