पटना, 30 अगस्त 2026

जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता चंदन कुमार सिंह ने जारी बयान में कहा कि नीतीश कुमार द्वारा शुरू की गई स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से लाखों विद्यार्थियों के बेहतर उच्च शिक्षा प्राप्त करने के सपने साकार हो रहे हैं और उनका भविष्य संवर रहा है।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने छात्रों के उच्च शिक्षा के सपनों को पूरा करने के उद्देश्य से सात निश्चय योजना के तहत स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना की शुरुआत की थी। इसी क्रम में वर्तमान समय में सभी आवेदकों के लिए शिक्षा ऋण को ब्याज रहित उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत ऋण चुकाने की अवधि में भी महत्वपूर्ण राहत दी गई है। दो लाख रुपये तक के शिक्षा ऋण को पहले 60 मासिक किस्तों यानी पांच वर्षों में चुकाने का प्रावधान था, जिसे बढ़ाकर अब अधिकतम 84 मासिक किस्तों यानी सात वर्षों तक कर दिया गया है। वहीं, दो लाख रुपये से अधिक के ऋण की पुनर्भुगतान अवधि को सात वर्ष से बढ़ाकर अधिकतम 120 मासिक किस्तों यानी दस वर्षों तक कर दिया गया है।

इन फैसलों का उद्देश्य राज्य के अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक कठिनाइयां उनकी शिक्षा के रास्ते में बाधा न बनें। शिक्षा ऋण की राशि को ब्याज रहित करने और पुनर्भुगतान की अवधि बढ़ाने जैसी सुविधाओं से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ेगा तथा वे अधिक उत्साह, आत्मविश्वास और लगन के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की छात्र हितैषी पहलों से न केवल विद्यार्थियों का भविष्य उज्ज्वल होगा, बल्कि शिक्षित और कुशल युवा बिहार के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए राज्य और देश के भविष्य को भी नई दिशा देंगे।



Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.