पटना, 30 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर स्थित ज्ञान भवन में स्वर्णकार समाज विकास एवं शोध संस्थान द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ज्वेलरी महोत्सव-2026 का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।

ज्ञान भवन के कन्वेंशन हॉल (भूतल) में आयोजित यह ज्वेलरी महोत्सव 1 सितम्बर तक चलेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वर्णकार समाज विकास एवं शोध संस्थान से जुड़े देश के विभिन्न हिस्सों से आए करीब 200 आभूषण निर्माताओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर प्रदर्शित आभूषणों एवं ज्वेलरी उत्पादों की जानकारी ली तथा आभूषण निर्माताओं से बातचीत भी की। उन्होंने कहा कि आप सब यहां अच्छे से अपना व्यावसाय करें, आप सब को हर प्रकार की सहूलियत उपलब्ध करायी जायेगी।

ज्वेलरी महोत्सव में कोटा, आगरा, सूरत, अहमदाबाद, नागपुर, मुंबई, लखनऊ, कोलकाता सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आभूषण निर्माता शामिल हुए हैं। महोत्सव के माध्यम से आभूषण निर्माण एवं व्यापार से जुड़े लोगों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने तथा एक-दूसरे से संवाद एवं अनुभव साझा करने का अवसर मिल रहा है।

कार्यक्रम के दौरान स्वर्णकार समाज विकास एवं शोध संस्थान से जुड़े लोगों ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस अवसर पर विधायक राणा रणधीर सिंह, स्वर्णकार समाज विकास एवं शोध संस्थान के पदाधिकारी, आभूषण निर्माता एवं बड़ी संख्या में संबंधित क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.