नई दिल्ली 04 सितम्बर 2026
भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर देश के सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं दी हैं।

अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा है, “शिक्षक दिवस के अवसर पर, मैं देश के सभी शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। शिक्षक दिवस भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन महान लेखक और दार्शनिक थे। वे एक अतुल्य शिक्षक भी थे। मैं, इस अवसर पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं।
शिक्षक अपने मार्गदर्शन और सहयोग से विद्यार्थियों की प्रतिभा में निखार लाते हैं तथा उन्हें चरित्रवान भी बनाते हैं। शिक्षक का दायित्व है कि वह विद्यार्थी को एक अच्छे व्यक्ति में रूपांतरित करे। एक समर्पित और संवेदनशील शिक्षक विद्यार्थियों की विशिष्ट क्षमता की पहचान करता है, उनके लिए प्रेरणा-स्रोत बनता है और उन्हें अपने कार्यों में उत्कृष्टता हासिल करने में समर्थ बनाता है।
शिक्षकों को प्रौद्योगिकी को अपनाते हुए निरंतर ज्ञान अर्जित करते रहना चाहिए तथा शिक्षण की नवीन पद्धतियों को भी अपनाना चाहिए। विद्यार्थियों में स्वतंत्र सोच को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें विद्यार्थियों में जिज्ञासा का भाव विकसित करना चाहिए।
मैं सभी समर्पित शिक्षकों के योगदान के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त करती हूं। मैं कामना करती हूं कि सभी शिक्षक ऐसी प्रबुद्ध पीढ़ियों का निर्माण करें जो देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं”।
![]()
