पटना,09 सितम्बर 2026

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि राज्य सरकार का सबसे अधिक ध्यान शिक्षा पर है। शिक्षा को नई दिशा देने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

नेक संवाद में बुधवार को मैट्रिक और इंटर परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 168 टॉपर विद्यार्थियों के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए श्री तिवारी ने शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने बिहार की प्रतिभाओं को पंख देने का काम किया है। अंत्योदय परिवार के बच्चों के लिए यह शिक्षा के सूर्योदय का समय है। सरकार का प्रयास है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवार के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।

30 दिनों के भीतर हो रहा आवेदनों का निपटारा

शिक्षा मंत्री ने कहा कि जब उन्होंने पदभार संभाला था, उस समय विभाग में विभिन्न प्रकार के आवेदनों का अंबार था। अब इन आवेदनों की संख्या तेजी से घट रही है। विभाग द्वारा प्राप्त आवेदनों का निपटारा 30 दिनों के भीतर करने की दिशा में प्रभावी ढंग से काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री की अगुवाई में शिक्षा विभाग के लिए जो प्राथमिकताएं तय की जा रही हैं, उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जा रहा है। सकारात्मक सोच के साथ शिक्षा को बढ़ावा देने और व्यवस्था में सुधार लाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।

आज 168 हैं, अगले साल 1068 हों टॉपर

टॉपर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए श्री तिवारी ने कहा कि आज का यह सम्मान समारोह उपलब्धि का उत्सव नहीं, एक बड़ी शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आज आप 168 की संख्या में यहां आए हैं। कामना है कि अगले वर्ष यह संख्या 1068 हो। इस समारोह का उद्देश्य केवल प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि करोड़ों विद्यार्थियों के मन में कुछ बड़ा करने की प्रेरणा का दीप जलाना है।

वैश्विक मंच पर बिहार की प्रतिभा को चमकाएं

शिक्षा मंत्री ने टॉपर विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी प्रतिभा को केवल बिहार तक सीमित न रखें। वे आगे बढ़ें, देश और दुनिया के बड़े मंचों पर अपनी पहचान बनाएं और वैश्विक मंच पर बिहार की प्रतिभा को चमकाएं। बिहार ज्ञान की भूमि रहा है। नालंदा और विक्रमशिला जैसी महान परंपराओं की इस धरती को शिक्षा और ज्ञान के क्षेत्र में फिर से प्रतिष्ठित करना है। आज के प्रतिभावान विद्यार्थी ही बिहार को उसकी गौरवशाली पहचान वापस दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

श्री तिवारी ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता बिहार के करोड़ों बच्चों के लिए प्रेरणा बने और वे अपने ज्ञान, प्रतिभा एवं मेहनत से राज्य का नाम रोशन करें। समारोह के बाद मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री ने टॉपर विद्यार्थियों के साथ भोजन किया और उनके राेचक अनुभवों को सुना। इसके पूर्व शिक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री और दोनों उप मुख्यमंत्री के साथ टॉपर विद्यार्थियों को मेडल, प्रमाण पत्र और चेक प्रदान कर सम्मानित किया। पहली बार व्यावसायिक शिक्षा के तीन टॉपर भी सूची में शामिल किए गए थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.