पटना 10 सितम्बर 2026
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के सख्त रवैये के बाद मधुबनी के एक विद्यालय में नृत्य कार्यक्रम के दौरान पिस्टल लहराए जाने के मामले में विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है।

पूरे मामले की जांच के बाद गुरुवार को जिले के कलुआही प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय, हरिपुर गौड़ीदास टोल के प्रधानाध्यापक भूषण कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बिना अनुमति के कार्यक्रम आयोजित कराने वाली पूजा समिति एवं अन्य दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को दिया है। दोषियों पर तीन दिनों के भीतर प्राथमिकी दर्ज कर विभाग को इसकी सूचना देनी है।

शिक्षा विभाग ने पत्र के माध्यम से साफ कहा है कि विद्यालय परिसर में अनुशासनहीनता और इस तरह की गतिविधियों को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
![]()
