पटना,16 अक्टूबर 2026

माननीय शिक्षा मंत्री, बिहार सरकार, मिथिलेश तिवारी जी ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 12वें राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता (12th NLEPC – INSPIRE MANAK) में बिहार का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना पूरे बिहार के लिए गौरव की बात है। इस अवसर पर माननीय मंत्री ने पुरस्कार स्वरूप बच्चों को स्कूल बैग किट भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया और उन्हें आगे बढ़ने, बड़े सपने देखने तथा अपनी मेहनत और प्रतिभा से बिहार का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

सुपौल की प्रिया कुमारी को राष्ट्रीय पुरस्कार

इस प्रतियोगिता में सुपौल जिले के किशनपुर प्रखंड की छात्रा प्रिया कुमारी को उनके अभिनव प्रोजेक्ट ‘Carpet with School Bag’ के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अपने मार्गदर्शक शिक्षक महेश्वरी प्रसाद के निर्देशन में तैयार इस नवाचार में स्कूल बैग के साथ दरी/चटाई को जोड़ा गया है, जिससे जमीन पर बैठकर पढ़ने वाले विद्यार्थियों को सुविधा मिल सके। यह नवाचार बच्चों की रचनात्मकता और दैनिक समस्याओं के व्यावहारिक समाधान का उत्कृष्ट उदाहरण है।

भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) तथा नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन (NIF)-इंडिया के तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शनी में देशभर के विद्यार्थियों ने विज्ञान, तकनीक और नवाचार पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। इनमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 62 बाल वैज्ञानिकों को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

सरकारी विद्यालयों के बच्चों में अपार प्रतिभा

माननीय शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी जी ने कहा कि बिहार के सरकारी विद्यालयों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें सही दिशा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उचित अवसर और निरंतर प्रोत्साहन मिले, तो वे राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने शिक्षकों एवं मेंटर्स की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वे बच्चों की प्रतिभा को पहचानें और उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करें।

विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का संदेश

माननीय मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को मिला सम्मान उनकी नई उपलब्धियों की शुरुआत है। उन्होंने बच्चों से निरंतर सीखने, नवाचार करने और अपनी प्रतिभा को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।

“आगे बढ़ें, बड़े सपने देखें और अपनी मेहनत व प्रतिभा से पूरे देश में बिहार का नाम रोशन करें।”

बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक नवदीप शुक्ला (IAS) के निर्देशन में राज्य के प्रतिभागियों की राष्ट्रीय स्तर पर सुगम सहभागिता तथा उनके मॉडलों के सुरक्षित परिवहन एवं प्रदर्शन के लिए आवश्यक समन्वय और व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गईं। इस उपलब्धि से बिहार के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और आत्मविश्वास को नई प्रेरणा मिलेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.