पटना, 22 अक्टूबर 2026
कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सह प्रदेश मीडिया संयोजक असित नाथ तिवारी ने कहा है कि विधान परिषद चुनाव के दौरान बार-बार सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों की चर्चा हो रही है।

उम्मीदवारों के साथ-साथ शिक्षा मंत्री तक शिक्षकों को सातवां वेतनमान देने की घोषणाएं कर रहे हैं। पर, सच्चाई यह है कि चुनाव बाद इनमें से कोई भी सातवां का सात तक नहीं बोल पाएगा। ये वही लोग हैं जिन्होंने शिक्षकों को सुप्रीम कोर्ट तक मुकदमा लड़वाया और समान काम के लिए समान वेतन नहीं दिया। इन्हीं की पार्टी के बड़े नेता स्वर्गीय सुशील कुमार मोदी जी ने कभी कहा था की धरती पर भगवान भी आ जाएं तो शिक्षकों को राज्यकर्मी नहीं बना पाएंगे।

शिक्षक और शिक्षा विरोधी लोगों का यह गिरोह सिर्फ चुनाव में शिक्षकों का वोट लेने के लिए सातवें वेतन आयोग का जुमला उछाल रहा है। इन्हीं लोगों के कारण हाई कोर्ट का जीता मुकदमा शिक्षक सुप्रीम कोर्ट में हार गए।

इन लोगों की मंशा कभी भी शिक्षकों को राज्यकर्मी बनाने की नहीं थी और पूर्ण वेतन देने की नहीं रही। इसलिए शिक्षकों को शिक्षा विरोधी इन लोगों से सतर्क रहना चाहिए। शिक्षक बार-बार धोखा खा चुके हैं एक बार और उनको बड़ा धोखा देने की तैयारी है।
![]()
