पटना, 27 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज नालंदा जिला के राजगीर खेल परिसर में भारत-न्यूजीलैंड अंडर-20 अंतर्राष्ट्रीय रग्बी सेवेंस सीरीज का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी की दूरदर्शी खेल नीति तथा भारत और न्यूजीलैंड के द्विपक्षीय खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने के अवसर पर इसका आयोजन किया गया। यह आयोजन दोनों देशों के बीच खेल संबंधों को नई मजबूती देने के साथ ही बिहार में रग्बी जैसे खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस आयोजन के माध्यम से बिहार में अंतर्राष्ट्रीय खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर भारत और न्यूजीलैंड माओरी की अंडर-20 पुरुष एवं महिला टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए। वहां उपस्थित दर्शकों में रोमांच देखने को मिला। कार्यक्रम में न्यूजीलैंड माओरी टीम का पारंपरिक ‘हाका’ नृत्य आकर्षण का केंद्र बना। इस दौरान दोनों देशों की खेल संस्कृति, आपसी मित्रता और खेल भावना की झलक देखने को मिली।

यह सीरीज 23 से 28 अक्टूबर तक राजगीर स्थित राज्य खेल अकादमी में आयोजित की जा रही है। न्यूजीलैंड की अंडर-20 रग्बी टीमों का इस तरह की सीरीज के लिए यह पहला भारत दौरा है। न्यूजीलैंड और भारत के राष्ट्रगान के बाद भारत-न्यूजीलैंड रग्बी सीरीज की शुरुआत हुई। खेल शुरू होने से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री से हाथ मिलाकर उनका अभिवादन किया और अपना परिचय दिया। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्द्धन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दोनों देशों के हस्ताक्षरयुक्त जर्सी का अनावरण भी किया।

भारतीय रग्बी संघ के अध्यक्ष राहुल बोस ने प्रतीक चिह्न देकर मुख्यमंत्री को सम्मानित किया।

खेल टूर्नामेंट में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, विधायक रुहेल रंजन, विधायक रत्नेश कुशवाहा, विधान पार्षद संजय मयूख सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, भारत में न्यूजीलैंड के कार्यवाहक उच्चायुक्त मैथ्यू आयर्स, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्र शंकरण, भारतीय रग्बी संघ के अध्यक्ष राहुल बोस, नालंदा की जिलाधिकारी उदिता सिंह, पुलिस अधीक्षक हृदय कांत सहित अन्य अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, खिलाड़ी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed