पटना,11 नवम्बर 2026

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने आज पटना के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, शास्त्री नगर एवं दरियापुर भट्ठी में विस्तारित ओपीडी सेवा का शुभारंभ किया। अब दोनों केन्द्रों पर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक ओपीडी संचालित होगी। इस पहल से नौकरीपेशा एवं कामकाजी लोगों को अपनी सुविधानुसार इलाज कराने में सहूलियत मिलेगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों के और करीब पहुँचाना है, ताकि बेहतर इलाज के लिए लोगों को अनावश्यक रूप से बड़े अस्पतालों का रुख न करना पड़़े। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएँ तभी सार्थक होंगी, जब आम नागरिकों को उनके आस-पास में ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा, विशेषज्ञ परामर्श और आवश्यक जाँच की सुविधा उपलब्ध हो।

इन दोनों केन्द्रों पर जेनरल मेडिसिन, स्त्री रोग, शिशु रोग, नेत्र रोग, त्वचा रोग तथा कान, नाक एवं गला रोग के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएँ उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही निःशुल्क पैथोलाॅजी जाँच, ईसीजी, नेत्र जाँच, दवाइयाँ एवं टेली-कंसल्टेशन की सुविधा भी मिलेगी।

श्री निशांत ने कहा कि ओपीडी का समय सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक करने से विशेष रूप से नौकरीपेशा लोगों, कामकाजी महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों को लाभ होगा। एनडीए सरकार की प्राथमिकता है कि स्वास्थ्य सुविधाएँ केवल बड़े अस्पतालों तक सीमित न रहें, बल्कि शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को भी बेहतर चिकित्सा सेवाओं से सुसज्जित किया जाए। इससे समय पर उपचार सुनिश्चित करने के साथ-साथ बड़े अस्पतालों में मरीजों का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed