पटना,26 नवंबर 2026

बिहार के गौरवशाली अतीत, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से आगामी 1 दिसंबर 2026 (मंगलवार) को नवादा जिले के सिरदला प्रखंड अंतर्गत BPM इंटरनेशनल स्कूल, शाहपुर में ‘मगध संवाद’ का आयोजन किया जाएगा। लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार के सभी 38 जिलों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों एवं विदेशों से भी प्रबुद्धजन, युवा, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद् एवं उद्यमी शिरकत करेंगे।

कार्यक्रम की तिथि में हुए बदलाव के संबंध में जानकारी देते हुए लेट्स इंस्पायर बिहार के नवादा जिला मुख्य समन्वयक विश्वजीत कुमार ने बताया कि पूर्व में ‘मगध संवाद’ का आयोजन 29 नवंबर 2026 को प्रस्तावित था, लेकिन कुछ अप्रिय परिस्थितियों के कारण अब यह कार्यक्रम 1 दिसंबर 2026 (मंगलवार) को आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मगध की प्राचीन सभ्यता, गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और ज्ञान परंपरा को नई पीढ़ी के सामने प्रस्तुत करना तथा बिहार के समग्र विकास की संभावनाओं पर सार्थक चर्चा करना है।

मगध की धरती ने विश्व को ज्ञान, दर्शन, लोकतंत्र, शिक्षा और सामाजिक चेतना की समृद्ध परंपरा दी है। नालंदा एवं विक्रमशिला जैसे प्राचीन ज्ञान केंद्रों से लेकर भगवान बुद्ध एवं भगवान महावीर की विचारधारा तक, इस क्षेत्र का इतिहास विश्व पटल पर विशेष स्थान रखता है। संवाद के माध्यम से इस ऐतिहासिक गौरव को वर्तमान पीढ़ी से जोड़ने और बिहार की सकारात्मक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के मुख्य संरक्षक एवं आईपीएस अधिकारी विकास वैभव के मार्गदर्शन में संचालित यह अभियान बिहार के विकास के तीन आधारभूत स्तंभों—शिक्षा, समता एवं उद्यमिता—पर आधारित है। अभियान का संकल्प वर्ष 2047 तक बिहार को विकसित राज्यों की अग्रिम पंक्ति में स्थापित करना है। इसके लिए युवाओं, प्रबुद्धजनों, प्रवासी बिहारियों, शिक्षाविदों और उद्यमियों को एक साझा मंच पर जोड़कर सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

मगध संवाद कार्यक्रम बिहार की ऐतिहासिक चेतना, सांस्कृतिक अस्मिता, युवा शक्ति और विकास के सामूहिक संकल्प को अभिव्यक्त करने का एक प्रयास है। इस आयोजन के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को अपने विचार रखने तथा विकसित बिहार के निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने का अवसर मिलेगा।

आयोजकों की ओर से बिहार एवं देश-विदेश में रहने वाले सभी बिहारवासियों, युवाओं, प्रबुद्धजनों और सामाजिक संगठनों से इस संवाद में सक्रिय सहभागिता की अपील की गई है।

आइए, अपनी गौरवशाली विरासत से प्रेरणा लेकर शिक्षा, समता और उद्यमिता के आधार पर विकसित बिहार के निर्माण का संकल्प लें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed