पटना, 28 जनवरी 2024
नीतीश कुमार ने आज 9वीं बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने राजभवन स्थित राजेन्द्र मंडप में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

उन्होंने बीजेपी के समर्थन से नई सरकार का गठन किया है। इससे पहले उन्होंने अगस्त 2022 में बीजेपी से गठबंधन तोड़कर राजद (RJD) और कांग्रेस (Congress) के साथ महागठबंधन की सरकार बनाई थी।रविवार को मुख्यमंत्री नितीश कुमार के साथ 8 मंत्रियों ने भी शपथ ली जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार किया जायेगा। बीजेपी के कोटे से बिहार बीजेपी के अध्यक्ष सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। मुख्यमंत्री के साथ शपथ लेने वाले मंत्रियों में विजय कुमार चौधरी,विजेंद्र यादव,प्रेम कुमार,श्रवण कुमार,संतोष सुमन और सुमित कुमार सिंह शामिल हैं।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजभवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुये कहा कि आज मेरे अलावा आठ लोगों ने मंत्री पद की शपथ ली है। तीन पार्टियों के सदस्य एवं एक निर्दलीय का शपथ ग्रहण हुआ है। श्री सम्राट चौधरी और श्री विजय कुमार सिन्हा उप मुख्यमंत्री बनाये गये हैं। मंत्रिपरिषद् के बाकी लोगों का भी शपथ ग्रहण बहुत जल्द होगा। हम बिहार के हित में विकास का कार्य करते रहे हैं, पूरे इलाके का विकास के लिये काम करते रहे हैं। इसी काम को आगे बढ़ायेंगे। हम पहले भी भाजपा के साथ थे, बीच में कहीं चले गये, अब पहले जहां थे, वहीं आ गये हैं। हमने विपक्ष को तेजी से एकजुट करने का प्रयास किया लेकिन वे लोग कुछ नहीं किये, वे सब बेकार हो गये।