पटना, 09 जुलाई 2026
गुरुवार को जद(यू) प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के माननीय मंत्री डाॅ0 अशोक चैधरी, मा0 मंत्री डाॅ0 श्वेता गुप्ता एवं माननीय मंत्री मदन सहनी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। आमजनों से प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विधिसम्मत एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के माननीय मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी एवं माननीय विधान पार्षद शिवरानी देवी प्रजापति भी उपस्थित रहीं।
इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री डाॅ0 अशोक चैधरी ने कहा कि बांकीपुर का प्रतिनिधित्व लंबे समय तक माननीय नितिन नवीन ने किया है और उन्होंने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक उल्लेखनीय कार्य किए हैं। बांकीपुर के हर परिवार से उनका गहरा और आत्मीय रिश्ता है। उनका भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना बांकीपुर सहित पूरे बिहार के लिए गौरव का विषय है। डाॅ0 चैधरी ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उप-चुनाव में एनडीए प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है, वहाँ कोई चुनौती नहीं है।
डाॅ0 चैधरी ने यह भी जानकारी दी कि माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चैधरी की पहल पर भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी के साथ पटना में महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें बिहार में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को और
अधिक सुदृढ़ बनाने तथा केंद्र-राज्य समन्वय के माध्यम से जनहित के कार्यों को गति देने के विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
मदन सहनी ने कहा कि सूखा नशा के खिलाफ सरकार लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इससे जुड़े असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध निरंतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार नशा उन्मूलन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी चला रही है।
डाॅ0 श्वेता गुप्ता ने कहा कि नीतीश कुमार की दूरदर्शी नीतियों एवं सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश की आधी आबादी सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक रूप से सशक्त हुई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान एनडीए सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में नीतीश कुमार द्वारा प्रारंभ की गई योजनाओं एवं नीतियों को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
![]()
