पटना,22 नवंबर 2026
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि महाकवि विद्यापति मैथिली के साथ संपूर्ण भारतीय साहित्य और संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी रचनाओं में प्रेम, भक्ति, लोकजीवन और मानवीय संवेदनाओं का अद्भुत समन्वय मिलता है। उनकी पदावली ने मैथिली भाषा को विशिष्ट साहित्यिक पहचान दिलाई है। उनकी साहित्यिक विरासत आज भी हमारी सांस्कृतिक चेतना को समृद्ध कर रही है।

शिक्षा मंत्री श्री तिवारी रविवार को स्थानीय मिलर स्कूल ग्राउंड में चेतना समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘विद्यापति स्मृति पर्व समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने महाकवि विद्यापति को श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने कहा कि मैथिली केवल संवाद की भाषा नहीं, बल्कि मिथिला की समृद्ध सभ्यता, परंपरा और सांस्कृतिक चेतना की पहचान है। भोजपुरी, मगही, अंगिका, बज्जिका और मैथिली जैसी बिहार की सभी क्षेत्रीय भाषाएं हमारी अनमोल धरोहर हैं। इनका संरक्षण और संवर्धन हम सभी की जिम्मेदारी है।

श्री तिवारी ने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा, साहित्य और संस्कृति से जोड़ना समय की आवश्यकता है। मातृभाषा में शिक्षा बच्चों की समझ, अभिव्यक्ति और रचनात्मकता को मजबूत बनाती है। शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार देना नहीं, बल्कि संस्कार, संवेदना और सांस्कृतिक चेतना का विकास करना भी है।

उन्होंने चेतना समिति के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 1954 से समिति मैथिली भाषा-साहित्य और मिथिला की संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। विद्यापति स्मृतिपर्व का आयोजन महाकवि के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
उन्होंने कामना की कि चेतना समिति की यह गौरवशाली परंपरा आने वाली पीढ़ियों तक निरंतर आगे बढ़ती रहे।
![]()
