पटना 25 जुलाई 2026
राज्य के सभी प्रारंभिक विद्यालयों में शनिवार को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (पीटीएम) का आयोजन किया गया। इस वर्ष संगोष्ठी की थीम ‘समावेशी शिक्षा : हमारा हर बच्चा महत्वपूर्ण’ रखी गई थी। संगोष्ठी के सफल आयोजन पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षकों के साथ-साथ अभिभावकों का भी आभार जताया है।

संगोष्ठी में अभिभावकों और शिक्षकों ने बच्चों की पढ़ाई, नियमित उपस्थिति, सीखने की प्रगति और उनके समग्र विकास पर खुलकर चर्चा की। बच्चों की रुचि और क्षमता के अनुसार उन्हें बेहतर ढंग से सीखने में कैसे मदद मिले, इस पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि हर बच्चे को बिना किसी भेदभाव के सीखने का समान अवसर मिले और विद्यालय का माहौल सभी बच्चों के लिए सुरक्षित, सहयोगपूर्ण और प्रेरणादायक बने।
संवाद के क्रम में अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने, घर पर पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण देने और विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया गया। अभिभावकों ने भी बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए आपसी संवाद और सहयोग को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
![]()
