पटना 25 अक्टूबर 2026

बीजेपी और आरएसएस वाले आज भी दलितों को मनुष्य नहीं मानते। आज़ादी के 80 साल बाद भी देश में छूआछूत है। मैं हल्द्वानी गया तो मेरे लौटने के बाद बीजेपी और आरएसएस वालों ने मंच का शुद्धिकरण किया था। जब आप देश की बड़ी आबादी को ही अपना नहीं मानेंगे तो देश एकता कैसे आएगी! उक्त बातें कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कही। वो पटना के बापू सभागार में बिहार केसरी श्रीकृष्ण सिंह जयंती समारोह में बोल रहे थे।

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि भाजपा और आरएसएस छूआछूत का समर्थक हैं और खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दलितों की स्थिति में कोई सुधार नहीं चाहते। कांग्रेस अध्यक्ष ने श्री बाबू को याद करते हुए कहा कि तमाम विरोधों के बावजूद श्री बाबू दलितों के समूह के साथ देवघर मंदिर पहुंचे थे और मंदिर में दलितों को प्रवेश दिलवाया था। उन्होंने जाति की नहीं समाज की राजनीति की। आप सबको भी उनके जैसे ही दलितों को लेकर हर मंदिर में जाना चाहिए। उन्होंने उस दौर में बिहार में जमींदारी उन्मूलन कर भूमि सुधार कानून लागू किया जिस दौर में सबसे अधिक जमींदार उन्हीं की जाति से थे। आरएसएस और जनसंघ वाले जब बिहार में सांप्रदायिक दंगों की साजिशें रच रहे थे तब उन्होंने कहा था कि सांप्रदायिकता चाहे हिन्दू पक्ष की हो चाहे मुस्लिम पक्ष की दोनों बिहार के विकास के ख़तरनाक है।

श्री बाबू ने बिहार में औद्योगिक क्रांति की, चकबंदी की, भूमि सुधार कानून लागू किया, ज़मींदारी उन्मूलन का काम किया,शिक्षण संस्थान खोले, सिंचाई सुविधाओं की बुनियाद रखी। खड़गे ने पूछा कि श्री बाबू तो आज़ादी की लड़ाई में आठ साल जेल में रहे, भाजपा का कोई नेता भी जेल गया था क्या?

खड़गे ने कहा कि मैं प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करूंगा कि वो उनके मंदिर से चढ़ावा चुराने वालों को सद्बुद्धि दें और चढ़ावे के साथ-साथ वोट चोरी करने के लिए दंडित भी करें। खड़गे ने आरोप लगाया कि भाजपा और ज्ञानेश कुमार वोट चोरी कर रहे हैं। राज्यों में वोट चोरी से सरकारें बन रहीं हैं। खड़गे ने कहा कि राहुल गांधी ने महीनों पहले जो बातें कहीं थीं वो सब अब खुलकर सामने आने लगीं हैं। दो-दो चुनाव आयुक्तों ने 14 बार चिट्ठियां लिखकर ज्ञानेश कुमार की वोट चोरी वाली नीयत पर आपत्तियां दर्ज कराई पर उनकी सुनी नहीं गई।

खड़गे ने भाजपा से पूछा कि सौ दिनों में जो काला धन वापस आने वाला था वो कहां गया? किसानों की आमदनी दोगुनी होने वाली थी उस वादे का क्या हुआ? सालाना दो करोड़ नौकरियां मिलीं क्या? खड़गे ने कहा कि इनसे जब काम की बात पूछी जाती है तो ये राहुल गांधी का नाम लेकर शोर मचाने लगते हैं। मोदी और शाह के सपने में भी राहुल गांधी आते हैं। लोकसभा में जब राहुल गांधी होते हैं तो मोदी और शाह डर के मारे सदन में नहीं आते।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यक्रम में बुलाने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस सांसद डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है। संबोधन के अंत में कांग्रेस अध्यक्ष ने कविता सुनाई। उन्होंने कहा सच की आवाज को दबाया नहीं जा सकता, जनता के हक को यूं मिटाया नहीं जा सकता, जब जाग जाएगा मुल्क अपने अधिकारों के लिए, तब किसी तूफान से उसको डराया नहीं जा सकता।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि सिर्फ जयंती मनाने से आदर्श नहीं आते बल्कि, महापुरुषों के बताए रास्ते पर चलना होता है। श्री बाबू ने जिस समतामूलक समाज की कल्पना की थी उस समाज की रचना करना ही श्री बाबू को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा एक आदमी ने ये दिखा दिया कि सरकार अगर चाह दे विकास की रफ्तार को पंख लग जाएं। श्री बाबू ने अपने कार्यकाल में बिहार के लिए जितना किया उतना अब तक कोई मुख्यमंत्री अपने राज्य के लिए नहीं कर पाया। उनके कार्यकाल में बिहार को सर्वश्रेष्ठ शासकीय राज्य का सम्मान मिला। कार्यक्रम को पार्टी के पूर्व अध्यक्ष प्रो रामजतन सिन्हा ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर पूर्व सीएलपी अजित शर्मा, पूर्व सीएलपी डॉ शकील अहमद खान, पूर्व विधायक अवधेश कुमार सिंह, वरिष्ठ नेता आकाश सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रणव झा, मीडिया विभाग के चेयरमैन अजय कुमार पासवान, प्रदेश मीडिया संयोजक असित नाथ तिवारी, सांसद मनोज राम, विधायक मनोज विश्वास, विधायक सुरेंद्र कुशवाहा, पूर्व विधायक वीणा शाही, पूर्व विधायक आनंद शंकर, पूर्व विधायक नीतू कुमारी, पूर्व विधायक संजीव कुमार टोनी, धर्मवीर शुक्ल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.