पटना, 28 जुलाई 2026

जद (यू0) प्रदेश प्रवक्ता डा0 निहोरा प्रसाद यादव, पार्टी विधान पार्षद सह प्रदेश प्रवक्ता डा0 भारती मेहता एवं प्रदेश प्रवक्ता डा0 अनुप्रिया यादव ने जारी बयान में जन सुराज नेता प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला और उन्हें राजनीति का जालसाज बताया।

उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर की राजनीतिक हताशा अब उनकी भाषा और आचरण में साफ दिखाई देने लगी है। चुनाव में अपनी संभावित करारी हार और अपनी जमानत जब्त होने की आशंका से बौखलाए प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार के प्रति जिस प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी की है, उसे बांकीपुर की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।

जिन लोगों ने कभी नीतीश कुमार जी के साथ रहकर राजनीति की, उनके मार्गदर्शन में काम किया और उनके घर का नमक खाया, आज वही लोग राजनीतिक स्वार्थ में सारी मर्यादाएं लांघ रहे हैं। यह केवल कृतघ्नता नहीं, बल्कि बिहार की राजनीतिक संस्कृति पर भी आघात है।

एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने नीतीश कुमार से आशीर्वाद प्राप्त किया और स्वयं नीतीश कुमार ने उनके समर्थन में वीडियो संदेश जारी किया। यह समर्थन किसी दिखावे का नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और जनसेवा के आधार पर दिया गया है।

इसी प्रकार स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने भी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर जनता के बीच एनडीए की विकास यात्रा और नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए कार्यों को रखा।

बिहार का पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित, महादलित, अल्पसंख्यक तथा सामान्य वर्ग का समाज भली-भांति जानता है कि नीतीश कुमार हर वर्ग के दिल में बसते हैं। विशेष रूप से बिहार की करोड़ों महिलाएं उन्हें अपना अभिभावक मानती हैं। ऐसे जननेता का अपमान केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि बिहार की जनता की भावनाओं और जनभावना का अपमान है।

प्रशांत किशोर को यह समझ लेना चाहिए कि जनता इस प्रकार की नकारात्मक राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देना जानती है। बिहार की जनता नीतीश कुमार के सम्मान के खिलाफ किसी भी तरह की बयानबाजी को कभी स्वीकार नहीं करेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.