पटना 29 जुलाई 2026

देश के हजारों युवाओं को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ी सौगात दी है। शिक्षा विभाग के अथक प्रयास के बाद शिक्षक नियुक्ति के चौथे चरण (टीआरई-4) के अंतर्गत 32388 शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति की अधियाचना बुधवार को बीपीएससी को भेज दी गई। यह राज्य सरकार की युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नियुक्ति के बाद राज्य के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी काफी हद तक पूरी हो जाएगी।

शिक्षा मंत्री ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘माननीय मुख्यमंत्री जी ने इस विषय को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर स्तर पर पूरा सहयोग और मार्गदर्शन दिया। उनके सकारात्मक नेतृत्व एवं दृढ़ संकल्प के कारण ही आज लाखों अभ्यर्थियों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो सकी है। इसके लिए मैं उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।’

श्री तिवारी ने बताया कि राज्य सरकार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अगले पांच साल में एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति की दिशा में यह पहला कदम है। शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और हर विद्यालय में पर्याप्त संख्या में योग्य शिक्षकों की नियुक्ति सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

श्री तिवारी ने बताया कि मैंने जुलाई माह में ही 20 हजार से अधिक रिक्तियों की अधियाचना भेजने का वादा किया था। बुधवार को शिक्षा विभाग ने 32388 रिक्तियों की अधियाचना भेज कर अभ्यर्थियों से किया वादा पूरा किया।

श्री तिवारी ने कहा कि इन नियुक्तियों से एक ओर हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे, वहीं दूसरी ओर राज्य के विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ने से शिक्षा की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।

उन्होंने बताया कि टीआरई-4 के अंतर्गत कक्षा 1 से 5 के लिए 3847, कक्षा 6 से 8 के लिए 8563, कक्षा 9 से 10 के लिए 3877 और कक्षा 11 से 12 के लिए 16101 रिक्तियों की अधियाचना भेजी गई है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग पूरी पारदर्शिता व समयबद्धता के साथ नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य है कि योग्य अभ्यर्थियों को शीघ्र नियुक्ति मिले और राज्य का शिक्षा तंत्र और अधिक सशक्त व प्रभावी बने।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.