पटना 31 अगस्त 2026
गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में बेहतर सड़क संपर्क, सुगम आवागमन और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सोमवार को विश्वेश्वरैया भवन में पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र से मुलाकात की।

इस दौरान दोनों नेताओं के बीच क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल एवं अभियंता प्रमुख भी उपस्थित थे।

बैठक में तिवारी ने सलेमपुर घाट पुल, 18 किलोमीटर लंबे हरदिया-भगवानपुर मार्ग, एनएच-27 से जुड़े काशी टेंगराही-राजापट्टी रोड, 12 किलोमीटर लंबे झंझवा-बरौली रोड और 13 किलोमीटर लंबे झंझवा-बलडीहा मार्ग सहित विधानसभा क्षेत्र की अन्य महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण में तेजी लाने का आग्रह किया।

शिक्षा मंत्री ने निर्माणाधीन मीरगंज-भोरे पथ के चौड़ीकरण के मुद्दे को भी मंत्री के समक्ष रखा और इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया। पथ निर्माण मंत्री ने सभी मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए विभाग के सचिव, मुख्य अभियंता एवं अधीक्षण अभियंता को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
श्री तिवारी ने कहा कि बैकुंठपुर का विकास हमारी प्राथमिकता है। क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने और विकास की गति को तेज करने के निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
![]()
