पटना 10 सितम्बर 2026
बाकरपुर–माणिकपुर NH-139W परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन फोरलेन पुल पर लॉन्चिंग गर्डर के मूवमेंट के दौरान तकनीकी समस्या के कारण एक घटना हुई। घटना के दौरान तीन श्रमिकों को मामूली चोटें आईं, जिनकी स्थिति सामान्य है और वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। एक अन्य श्रमिक के पैर में चोट आई है, जिसे आवश्यक चिकित्सकीय उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। उसकी स्थिति भी सामान्य एवं स्थिर है।

घटना की सूचना प्राप्त होते ही संबंधित परियोजना अधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसी द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई तथा प्रभावित श्रमिकों को आवश्यक सहायता एवं चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लॉन्चिंग गर्डर के मूवमेंट के दौरान उसमें तकनीकी खराबी उत्पन्न होने के कारण यह घटना हुई।

घटना की परिस्थितियों एवं तकनीकी खराबी के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक एवं अन्य कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निर्माण गतिविधि के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों, सुरक्षा प्रोटोकॉल एवं आवश्यक सावधानियों का पालन किया गया था। घटना के पश्चात संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसी को कार्यस्थल पर सुरक्षा उपायों की पुनः समीक्षा करने तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सावधानियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
NHAI द्वारा बाकरपुर–माणिकपुर NH-139W परियोजना सहित सभी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं में निर्माण गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा श्रमिकों एवं परियोजना से जुड़े सभी हितधारकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है।
NHAI घटना की विस्तृत तकनीकी जांच के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करेगा तथा परियोजना के निर्माण कार्यों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का निरंतर अनुपालन सुनिश्चित करेगा।
![]()
