पटना 11 सितम्बर 2026
रामकृष्ण द्वारिका महाविद्यालय, पटना में विद्यार्थियों को बदलती रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) सीता सिन्हा के नेतृत्व में कॉलेज के प्लेसमेंट सेल और यूथ ड्रीमर्स फाउंडेशन के बीच कौशल विकास और करियर उन्मुख प्रशिक्षण को लेकर समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हुआ

समझौता ज्ञापन पर महाविद्यालय की ओर से प्राचार्या प्रो. (डॉ.) सीता सिन्हा तथा यूथ ड्रीमर्स फाउंडेशन की ओर से बिहार स्टेट हेड श्री कृष्णा सिंह ने हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर प्राचार्या प्रो. (डॉ.) सीता सिन्हा ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार करने हेतु उनमें संचार क्षमता, डिजिटल दक्षता, व्यावसायिक कौशल और व्यावहारिक समझ विकसित करना जरूरी है। यह MoU विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा।

इस साझेदारी के तहत विद्यार्थियों को करियर रेडीनेस, डिजिटल एवं प्रोफेशनल स्किल, मेंटरिंग, इंटर्नशिप, इंडस्ट्री एक्सपोजर, लाइव प्रोजेक्ट तथा प्लेसमेंट संबंधी मार्गदर्शन दिया जाएगा। इससे छात्र अपने विषयगत ज्ञान को व्यावहारिक क्षेत्र से जोड़ सकेंगे और रोजगार की दुनिया को नजदीक से समझ पाएंगे।

इस मौके पर प्लेसमेंट सेल की कोऑर्डिनेटर डॉ. सरिता कुमारी, को-कोऑर्डिनेटर डॉ. निधि सिन्हा, नोडल ऑफिसर प्रो. (डॉ.) शैलजा सिन्हा एवं IQAC कोऑर्डिनेटर डॉ. अमर कुमार सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे।
महाविद्यालय प्रशासन ने उम्मीद जताई कि यह समझौता विद्यार्थियों को शिक्षा से कौशल और कौशल से रोजगार की ओर ले जाने में एक प्रभावी सेतु का कार्य करेगा।
![]()
