पटना 15 सितम्बर 2026

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार ने ‘‘भारत रत्न’’ सर एम. विश्वेश्वरैया जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन किया और कहा कि राष्ट्र के निर्माण और विकास में विश्वेश्वरैया जी का योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उनकी दूरदृष्टि, तकनीकी दक्षता और राष्ट्र के प्रति समर्पण ने देश के विकास को नई दिशा दी।

नीतीश कुमार ने कहा कि विश्वेश्वरैया जी की स्मृति में मनाया जाने वाला अभियंता दिवस देश के विकास में अभियंताओं के योगदान को सम्मान देने का अवसर है। बिहार सहित पूरे देश में आधारभूत संरचना के विकास, आधुनिक तकनीक के उपयोग, नवाचार और जनहितकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में अभियंताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ तकनीकी क्षेत्र में नई चुनौतियां और संभावनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में अभियंताओं की विशेषज्ञता, नवाचार और कार्यकुशलता विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।

अभियंता दिवस के अवसर पर नीतीश कुमार ने देश एवं बिहार के सभी अभियंताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.