पटना/सीवान, 31 अक्टूबर 2026

विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ पढ़ाई की गुणवत्ता में सुधार पर विशेष ध्यान दें। शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने के लिए ठोस प्रयास करें। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने शनिवार को सीवान में शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए।

जिला समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में डीएम की उपस्थिति में आयोजित बैठक में सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान जिले की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई।

कायाकल्प अभियान की समीक्षा

अपर मुख्य सचिव ने मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कायाकल्प अभियान की समीक्षा करते हुए विद्यालयों में रंग-रोगन, आंतरिक एवं बाहरी पेंटिंग तथा छोटी-मोटी मरम्मत का कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने भूमिहीन एवं भवनहीन विद्यालयों की स्थिति की जानकारी लेते हुए ऐसे विद्यालयों के लिए भूमि एवं भवन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

वृक्षारोपण अभियान पर जोर

उन्होंने सभी विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और इसकी लगातार निगरानी करने पर जोर दिया। साथ ही, सभी सरकारी विद्यालयों में वृक्षारोपण अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
बैठक में विद्यालयों में कक्षावार एवं विषयवार समय-सारणी तैयार कर उसके अनुसार पढ़ाई कराने पर भी जोर दिया गया। अपर मुख्य सचिव ने शिक्षण कार्य को अधिक रोचक एवं प्रभावी बनाने के लिए एआई और आधुनिक तकनीक के उपयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की।

सेवानिवृत्त पदाधिकारियों की सेवा लेने पर भी विचार

शहर के विद्यालयों में अंग्रेजी, गणित एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों की पढ़ाई में सहयोग के लिए इच्छुक सेवानिवृत्त पदाधिकारियों की स्वैच्छिक सेवाएं लेने पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके तहत सेवानिवृत्ति के बाद पढ़ाने की इच्छा रखने वाले योग्य पदाधिकारियों के अनुभव एवं विशेषज्ञता का लाभ विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने की संभावना पर चर्चा हुई।
अपर मुख्य सचिव ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा शिक्षा विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में जिलाधिकारी, प्रभारी जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.